भारत के पूर्वी तट से टकराया चक्रवात अर्नब, तेज हवा से पेड़-खंबे उखड़े
शक्तिशाली चक्रवात अर्नब बुधवार, 28 अक्टूबर की सुबह भारत के पूर्वी तट से टकराया और जमीनी इलाकों की ओर बढ़ गया

ईंधन संकट के चलते बीच यात्रा में बंद किया गया क्रूज शिप का संचालन
अमेरिकी कंपनी विला वी रेजिडेंसेज ने ईंधन की बढ़ती कीमतों के कारण कंबोडिया में अपने क्रूज जहाज का संचालन रोक दिया है. इस फैसले के बाद जहाज पर सवार 203 यात्रियों को उतरने के लिए महज सात घंटे का समय दिया गया. कंपनी ने मंगलवार को घोषणा की कि वह कंबोडिया में अपना संचालन निलंबित कर रही है.
कंपनी के अनुसार, ईरान युद्ध के बाद ईंधन की कीमतों में हुई बढ़ोतरी के कारण परिचालन खर्च में काफी वृद्धि हुई है. कंपनी ने बताया कि एशिया के कुछ हिस्सों में प्रति केबिन मासिक ईंधन खर्च पहले औसतन 1,800 डॉलर था, जो अब बढ़कर अनुमानित 6,000 से 8,000 डॉलर हो गया है.
करीब 200 मीटर लंबा ओडिसी क्रूज जहाज अक्टूबर 2024 में उत्तरी आयरलैंड से विश्व यात्रा पर रवाना हुआ था. यात्रा करीब साढ़े तीन साल तक चलने वाली थी. इस जहाज पर यात्रियों को छुट्टियों के लिए या लंबे समय तक रहने के लिए कमरे खरीदने और किराये पर लेने की सुविधा दी गई थी.
प्रेह सिहानूक प्रांत के उप-गवर्नर लॉन्ग डिमांचे के मुताबिक, जहाज 23 अक्टूबर को थाईलैंड से कंबोडिया के सिहानूकविले बंदरगाह पहुंचा था. जहाज पर 203 यात्री और 156 चालक दल के सदस्य मौजूद थे. यहां से जहाज को वियतनाम रवाना होना था, लेकिन संचालन रोकने के फैसले के बाद यात्रियों को उतरने का निर्देश दिया गया.
प्रभावित यात्रियों में सेवानिवृत्त लोग और दूर से काम करने वाले कर्मचारी भी शामिल हैं. कंपनी के मुताबिक, यह समय यात्रियों, चालक दल के सदस्यों और कर्मचारियों के लिए मुश्किल भरा है. कंपनी ने कहा कि आगे की योजनाओं पर काम करते हुए प्रभावित लोगों को जरूरी सहायता देने का प्रयास किया जा रहा है.
सर्बिया में इस्राएली दूतावास के बाहर चाकू से हमला, पुलिस ने हमलावर को मार गिराया
सर्बिया की राजधानी बेलग्रेड में इस्राएली दूतावास के बाहर चाकू से हमला करने वाले एक अज्ञात हमलावर को पुलिस ने मार गिराया. बुधवार आधी रात के बाद हुई इस घटना में दूतावास की सुरक्षा में तैनात एक गार्ड घायल हो गया.
सर्बिया के गृह मंत्री इविका डाचिच ने बताया कि पुलिस इस घटना को आतंकी हमला मानकर जांच कर रही है. घटना के बाद प्रमुख स्थानों पर पुलिस की तैनाती भी बढ़ा दी गई है. गृह मंत्री के अनुसार, हमलावर ने गार्ड पर दो चाकुओं से हमला किया. पुलिस अधिकारी ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई करते हुए हमलावर को मार गिराया. अधिकारी को मामूली चोटें आई हैं.
डाचिच ने दावा किया कि सुरक्षा एजेंसियां पहले से ही हमलावर पर नजर रख रही थीं. उनके मुताबिक, हमलावर आतंकवादी समूह इस्लामिक स्टेट का समर्थक था और उसने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर संगठन के समर्थन में काला झंडा लगाया हुआ था. हमलावर की पहचान की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है.
सर्बिया में हाल ही में संसदीय चुनाव हुए हैं और नई सरकार का गठन होना बाकी है. वहीं, इस्राएल में भी मंगलवार, 27 अक्टूबर को संसदीय मतदान हुआ. साल 2024 में भी बेलग्रेड स्थित इस्राएली दूतावास की सुरक्षा में तैनात एक सर्बियाई पुलिस अधिकारी पर क्रॉसबो से हमला किया गया था. उस घटना में भी हमलावर को सुरक्षा कर्मी ने गोली मारी थी.
भारत के पूर्वी तट से टकराया चक्रवात अर्नब, तेज हवा से पेड़-खंबे उखड़े
शक्तिशाली चक्रवात अर्नब बुधवार, 28 अक्टूबर की सुबह भारत के पूर्वी तट से टकराया और जमीनी इलाकों की ओर बढ़ गया. चक्रवात के कारण तेज रफ्तार में हवाएं चलीं, जिससे बड़ी संख्या में पेड़ टूटकर सड़कों पर गिर गए और बिजली के खंबे उखड़ गए. चक्रवात के आने से पहले आंध्र प्रदेश और ओडिशा में 1.80 लाख से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया.
इन दोनों ही राज्यों में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है. हालांकि, कई जगहों पर बिजली सप्लाई बाधित हो गई है. कुछ स्कूल बंद कर दिए गए हैं और कुछ ट्रेन और हवाई सेवाएं रद्द कर दी गई हैं. भारत के नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने कहा कि आंध्र प्रदेश के तीन हवाई अड्डों पर उड़ानों का संचालन निलंबित कर दिया गया है. चक्रवात के आने से पहले मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई थी.
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने चक्रवात अर्नब को एक बेहद गंभीर चक्रवाती तूफान के रूप में चिन्हित किया है. मौसम विभाग ने कहा कि चक्रवात की वजह से फसलों, कच्चे घरों और संचाल लाइनों को नुकसान पहुंचने की आशंका है. विभाग ने अपने पूर्वानुमान में बताया कि चक्रवात की वजह से 150 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं और समुद्र में 1 से 1.5 मीटर तक ऊंची तूफानी लहरें उठ सकती हैं.


