Top
Begin typing your search above and press return to search.

द्विपक्षीय व्यापार और आर्थिक विकास को बढ़ावा देता है चीन-मालदीव निवेश सहयोग मंच

चीन-मालदीव निवेश सहयोग मंच का आयोजन मालदीव की राजधानी माले में हुआ। दोनों देशों की सरकारों और उद्यमों के प्रतिनिधियों ने समुद्री संसाधनों के सतत उपयोग, स्वच्छ ऊर्जा विकास, कम ऊंचाई वाली अर्थव्यवस्था और डिजिटल भुगतान जैसे विषयों पर अपने विचार साझा किए।

द्विपक्षीय व्यापार और आर्थिक विकास को बढ़ावा देता है चीन-मालदीव निवेश सहयोग मंच
X

बीजिंग। चीन-मालदीव निवेश सहयोग मंच का आयोजन मालदीव की राजधानी माले में हुआ। दोनों देशों की सरकारों और उद्यमों के प्रतिनिधियों ने समुद्री संसाधनों के सतत उपयोग, स्वच्छ ऊर्जा विकास, कम ऊंचाई वाली अर्थव्यवस्था और डिजिटल भुगतान जैसे विषयों पर अपने विचार साझा किए।

इस मंच की सह-मेजबानी मालदीव स्थित चीनी दूतावास और मालदीव के आर्थिक विकास, परिवहन और व्यापार मंत्रालय ने की। 'नई उत्पादकता के साथ हरित, नीली और डिजिटल अर्थव्यवस्थाओं के समन्वित विकास को सशक्त बनाना' विषय पर केंद्रित इस मंच का उद्देश्य दोनों देशों के उद्यमों के बीच औद्योगिक समन्वय को बढ़ावा देना, उभरते क्षेत्रों में निवेश सहयोग का विस्तार करना और चीन-मालदीव आर्थिक और व्यापारिक संबंधों के विकास में नई गति प्रदान करना था।

अपने उद्घाटन भाषण में मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू ने कहा कि मालदीव राष्ट्रीय विकास के एक महत्वपूर्ण दौर में प्रवेश कर रहा है और उसे आर्थिक विविधीकरण और तीव्र नवाचार के माध्यम से अपने विकास लक्ष्यों को प्राप्त करना होगा। चीन-मालदीव सहयोग बुनियादी ढांचे, विकास वित्तपोषण, स्वच्छ ऊर्जा और जलवायु परिवर्तन से निपटने की क्षमता जैसे क्षेत्रों तक विस्तारित हो चुका है और विकास के अगले चरण में मालदीव के लिए चीन एक महत्वपूर्ण भागीदार होगा।

मालदीव में चीनी राजदूत खोंग श्यानहुआ ने कहा कि चीन और मालदीव प्रौद्योगिकी, निवेश और स्थानीय संसाधनों में सहयोग को मजबूत कर सकते हैं ताकि हरित और नीले संसाधनों को औद्योगिक लाभों में परिवर्तित किया जा सके। प्रमुख फोकस क्षेत्रों में पूर्णतः विद्युतीकृत परिवहन का विकास, पर्यटन, मत्स्य पालन और सार्वजनिक सेवाओं में डिजिटल प्रौद्योगिकी और कृत्रिम बुद्धिमत्ता के अनुप्रयोग का विस्तार शामिल है, जिससे मालदीव के आर्थिक विविधीकरण में योगदान मिलेगा और एकीकृत आर्थिक विकास को बढ़ावा मिलेगा।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it