भूटान दौरे पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार, प्रधानमंत्री शेरिंग टोबगे से लोकतांत्रिक मूल्यों पर की चर्चा
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने भूटान की अपनी तीन दिवसीय यात्रा के दौरान भूटान के प्रधानमंत्री शेरिंग टोबगे से मुलाकात की। इस दौरान दोनों ने भारत और भूटान के साझा लोकतांत्रिक मूल्यों तथा दोनों देशों के बीच मित्रता को मजबूत करने में आध्यात्मिकता और संस्कृति की भूमिका पर चर्चा की।

थिम्फू। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने भूटान की अपनी तीन दिवसीय यात्रा के दौरान भूटान के प्रधानमंत्री शेरिंग टोबगे से मुलाकात की। इस दौरान दोनों ने भारत और भूटान के साझा लोकतांत्रिक मूल्यों तथा दोनों देशों के बीच मित्रता को मजबूत करने में आध्यात्मिकता और संस्कृति की भूमिका पर चर्चा की।
भारत निर्वाचन आयोग ने गुरुवार को बताया कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने 15 सितंबर को भूटान के राष्ट्रीय मतदाता दिवस कार्यक्रम में भाग लेने के दौरान प्रधानमंत्री शेरिंग टोबगे से मुलाकात की।
आयोग के अनुसार, बैठक में दोनों पक्षों ने भारत और भूटान के साझा लोकतांत्रिक मूल्यों पर विचारों का आदान-प्रदान किया। साथ ही इस बात पर भी चर्चा हुई कि आध्यात्मिकता और संस्कृति दोनों देशों के लोगों के बीच घनिष्ठ संबंधों को मजबूत करने में किस प्रकार महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
ज्ञानेश कुमार ने मंगलवार को भूटान के राष्ट्रीय मतदाता दिवस और अंतरराष्ट्रीय लोकतंत्र दिवस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भी हिस्सा लिया। यह कार्यक्रम पारो स्थित जिग्मे सिंग्ये वांगचुक स्कूल ऑफ लॉ में आयोजित किया गया था।
इस कार्यक्रम के दौरान उन्होंने भूटान के युवा मतदाताओं को संबोधित किया। उन्होंने इलेक्शन एंड रिजल्ट्स एडमिनिस्ट्रेटिव सिस्टम और ई-लर्निंग कोर्स का शुभारंभ भी किया। इसके अलावा लोकतंत्र रील प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कार भी प्रदान किए।
इससे पहले सोमवार को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने थिम्फू में भूटान के राजा जिग्मे खेसर नामग्येल वांगचुक से भी मुलाकात की।
यात्रा से पहले जारी आधिकारिक बयान में कहा गया था कि यह दौरा भारत निर्वाचन आयोग और भूटान निर्वाचन आयोग के बीच संस्थागत सहयोग को और मजबूत करेगा तथा दोनों संस्थाओं के बीच लगातार जारी सहयोग को नई गति देगा।
बता दें कि भारत निर्वाचन आयोग समय-समय पर विभिन्न देशों के साथ लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं और चुनाव प्रबंधन से जुड़े अनुभव साझा करता रहा है, ताकि लोकतांत्रिक संस्थाओं के बीच सहयोग को बढ़ावा दिया जा सके।


