Top
Begin typing your search above and press return to search.

एयरपोर्ट पर टूटी बाड़ ने जर्मन पुलिस की नींद उड़ाई

जर्मनी के लाइपजिष एयरपोर्ट के पास एक बाड़ के टूटने की वजह से पूरी रात पुलिस अभियान चला. दो महीने पहले इसी एयरपोर्ट के पास विस्फोटक से लदा ड्रोन मिला था.

एयरपोर्ट पर टूटी बाड़ ने जर्मन पुलिस की नींद उड़ाई
X

रविवार को पुलिस ने बताया कि वे सभी दिशाओं में जांच कर रहे हैं. पुलिस प्रवक्ता का कहना है कि अब तक जो सबूत मिले हैं उससे यह पता चला है किसी गाड़ी की टक्कर से बाड़ टूटी है. पुलिस का यह भी कहना है कि मुमकिन है कि यह किसी हादसे की वजह से हुआ हो.

बाड़ को हुए नुकसान का शनिवार मध्यरात्रि में करीब 11 बजे पता चला. पुलिस इसे "सुरक्षा से जुड़ा मामला बता रही है." बाद में पुलिस ने कहा, "अब तक की जांच में जो पता चला है उससे इस बात कि प्रबल संभावना है कि कोई गाड़ी बाड़ तोड़ कर गुजरी है."

जब अधिकारियों ने एयरपोर्ट की तलाशी ली तो ना तो उन्हें ऐसी कोई गाड़ी मिली जिस पर संदेह हो, ना ही कोई अनाधिकृत व्यक्ति और ना ही कोई संदिग्ध सामान. गाड़ी की तलाश अब भी जारी है. रविवार पूरे दिन पुलिस अतिरिक्त अधिकारियों के साथ जांच में जुटी रही. इसी एयरपोर्ट पर दो महीने पहले विस्फोटक से लदा ड्रोन मिला था.

आपातकालीन गेट के पास टूटी बाड़

एयरपोर्ट के प्रवक्ता उवे शुहार्ट के मुताबिक जिस जगह एयरपोर्ट की बाड़ टूटी है वहां आम रास्ते से पहुंचा जा सकता है. फायर ब्रिगेड जैसी बाहरी सेवाओं के लिए एयरपोर्ट तक पहुंचने का एक आपातकालीन रास्ता भी वहां पास में ही है. इस तरह के रास्ते एयरपोर्ट पर बड़े अभ्यास के दौरान इस्तेमाल किए जाते हैं. शुहार्ट का कहना है कि बाड़ टूटी है लेकिन आपातकालीन गेट नहीं.

जिस जगह बाड़ टूटी है वहां वीडियो रिकॉर्ड करने वाला कोई कैमरा नहीं लगा है. सिर्फ एक ही कैमरा है लेकिन वह एयरपोर्ट के इस्तेमाल के लिए है जो फुटेज को स्टोर नहीं करता.

कमर्शियल एयरपोर्ट पर बाड़ की जरूरत कानून से तय होती है. शुहार्ट का कहना है कि बाड़ को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मानकों का पालन करना पड़ता है और उसकी नियमित जांच की जाती है.

एयरपोर्ट का एक रनवे बंद

पुलिस की जांच के कारण उत्तरी रनवे को बंद कर दिया गया है. एयरपोर्ट का कहना है कि हालांकि यात्री सेवा और माल ढुलाई बिना किसी बाधा के जारी है क्योंकि यहां एक दूसरा रनवे भी मौजूद है.

यहां पर 3 रूसी अंटोनोव विमान भी 2022 से ही खड़े हैं क्योंकि यूरोपीय संघ की पाबंदियों की वजह से उनके उड़ान भरने पर रोक लग गई. बाड़ वाली क्षतिग्रस्त जगह और ये जहाज दोनों उत्तरी इलाके मे हैं. हालांकि ये दोनों एक दूसरे के पास नहीं खड़े हैं.

यूक्रेनी अंटोनोव कार्गो जहाज भी लाइपजिष के एयरपोर्ट पर हैं मगर दक्षिणी हिस्से में. शुहार्ट के मुताबिक ऐसे छह जहाज लाइपजिष में मौजूद हैं. यूक्रेन की एयरलाइंस अनटोनोव ने यूक्रेन युद्ध शुरू होने के बाद अपना बेस यहां बना लिया क्योंकि यूक्रेन के एयरपोर्ट से विमानों का उड़ान भरना संभव नहीं था.

यह एयरपोर्ट सैक्सनी राज्य में लाइपजिष और पड़ोसी शहर हाले के बीच मौजूद है. आधिकारिक तौर पर इसका नाम लाइपजिष/हाले एयरपोर्ट है.

अभी तक यह साफ नहीं है कि इस घटना का अगस्त में ड्रोन मिलने की घटना से कोई संबंध है या नहीं. उस वक्त विस्फोटक से लदा एक ड्रोन एयरपोर्ट पर यूक्रेन के मालवाहक विमान के पास मिला था. जर्मन सरकार ने रूस को इसके लिए जिम्मेदार ठहराया है. हालांकि रूस ने इन आरोपों से इनकार किया है.


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it