नाइजीरिया में नाव हादसा: 40 से ज्यादा लोगों की मौत, बचाव जारी
नाइजीरिया के सोकोटो राज्य में बड़ा हादसा हुआ। एक नदी में नाव पलटने से 40 से अधिक लोगों की मौत हो गई

महिलाओं और बच्चों की बड़ी संख्या में मौत
- स्थानीय गवाही: 42 शव देखे, दर्दनाक मंजर
- अधिकारियों ने 47 मौतों की पुष्टि, राहत अभियान तेज
अबुजा। नाइजीरिया के सोकोटो राज्य में गुरुवार को बड़ा हादसा हुआ। एक नदी में नाव पलटने से 40 से अधिक लोगों की मौत हो गई। स्थानीय प्रशासन और बचाव दल लगातार राहत कार्य में जुटे हैं। अधिकारियों का कहना है कि मृतकों की संख्या और बढ़ सकती है।
कैसे हुआ हादसा
नाव में सवार लोग गोरोन्यो लोकल गवर्नमेंट एरिया के गोराऊ शहर में खेतों पर काम करने जा रहे थे। इसी दौरान नदी में नाव पलट गई। हादसे में महिलाएं और बच्चे बड़ी संख्या में शामिल हैं।
55 वर्षीय समाइला गारबा ने बताया कि उन्होंने 42 शव देखे, जिनमें उनकी 13 साल की पोती भी शामिल थी। उन्होंने कहा कि ज्यादातर मृतक महिलाएं और बच्चे हैं।
अधिकारियों की पुष्टि
नेशनल इनलैंड वॉटरवेज अथॉरिटी के सोकोटो राज्य मैनेजर अब्दुलकादिर यूसुफ ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि अब तक 47 लोगों की मौत हो चुकी है।
हादसे के कारणों का पता नहीं चल पाया है। बचाव दल नदी में लापता लोगों की तलाश कर रहे हैं। प्रशासन ने कहा है कि राहत कार्य तेज़ी से जारी रहेगा।


