विंग कमांडर अभिनंदन की वतन वापसी
भारतीय वायुसेना के पायलट अभिनंदन वर्धमान ने शुक्रवार रात वाघा सीमा चौकी के रास्ते पाकिस्तान से भारत में प्रवेश किया

वाघा सीमा, (अमृतसर)। वायु सेना के विंग कमांडर अभिनंदन वर्तमान पाकिस्तान की हिरासत से रिहा होने के बाद शुक्रवार की शाम भारत लौट आए। भारी दबाव और घंटों इंतजार के बाद पाकिस्तान ने आखिरकार शुक्रवार रात करीब 9.20 बजे भारतीय जांबाज पायलट अभिनंदन वर्तमान को भारत को सौंप दिया। अटारी बॉर्डर पर भारतीय वायुसेना के वरिष्ठ अधिकारियों और बीएसएफ ने पायलट को लेने पहुंचे। हालांकि आखिरी समय में भी पाकिस्तान अपनी हरकतों से बाज नहीं आया। भारत के बीटिंग रीट्रीट समारोह कैंसल करने के बाद भी उसने दुनिया को दिखाने के लिए यह प्रोग्राम किया और इसके खत्म होने के बाद भी कागजी कार्रवाई के नाम पर घंटों की देरी की। पहले दोपहर 2 बजे का टाइम तय किया गया था लेकिन पाकिस्तान ने समय दो बार बदला और प्रक्रिया को लंबा खींचता गया।
बॉर्डर पर बड़ी संख्या में लोग पहुंचे, जोरदार स्वागत
घंटों की देरी के बाद भी सुबह से बॉर्डर पर जमे भारतीयों का जोश काफी हाई था। यहां मौजूद लोग ढोल-नगाड़े बजाते हुए 'अभिनंदन है, अभिनंदन है' के नारे लगाते रहे। अपने बहादुर जवान को देखने और उनका स्वागत करने के लिए बॉर्डर पर बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। हालांकि शुक्रवार शाम 4.30 के बाद से रात 9.20 बजे तक घटनाक्रम को लेकर काफी उहापोह की स्थिति बनी रही। बताया जा रहा है कि देर शाम बॉर्डर पर अभिनंदन के पहुंचने के बाद कागजी कार्रवाई पूरी की गई। प्रोटोकॉल के तहत अभिनंदन की दिल्ली में दो दिन मेडिकल जांच चलेगी इस दौरान वह किसी से भी नहींमिल सकेेंगे। इसके बाद अटारी बॉर्डर से अभिनंदन को सीधे अमृतसर हवाईअड्डे ले जाया गया। जहां से उन्होंने वायुसेना के विमान से दिल्ली के लिए उड़ान भरी।
पाकिस्तानी लड़ाकू विमानों को खदेड़ा था
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, विंग कमांडर अभिनंदन को पाकिस्तानी सेना ने भारत के अधिकारियों को सौंप दिया जिसके बाद उन्हें करीब आधा किलोमीटर भारतीय सीमा में लाया गया। पायलट अभिनंदन का बुधवार को भारतीय सीमा में घुस आए पाकिस्तानी वायु सेना के लड़ाकू विमानों को खदेड़ने के दौरान विमान मिग 21 दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। वह पैराशूट के जरिए पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में उतरे थे जहां उन्हें पड़ोसी देश की सेना ने अपनी हिरासत में ले लिया था।
सबहेड- हम अभिनंदन की वतन वापसी देखना चाहते हैं
इससे पहले भारतीय वायु सेना ने विंग कमांडर अभिनंदन वर्तमान की रिहाई की घोषणा का स्वागत करते कहा कि वह पायलट की वतन वापसी देखना चाहता है। वायु सेना के सूत्रों के अनुसार विंग कमांडर अभिनंदन के स्वागत के लिए भारतीय वायु सेना की एक टीम वाघा सीमा पर आज सुबह पहुंची। इस बीच पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिन्दर सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से आग्रह किया था कि वह जांबाज पायलट के स्वागत के लिए मौके पर पहुंचना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि वह फिलहाल अमृतसर में हैं और पाकिस्तान द्वारा हिरासत में लिए गए बहादुर पायलट के स्वागत के लिए वह वाघा सीमा पहुंच रहे हैं। उन्होंने कहा कि शूरवीर का स्वागत करना उनके लिए गौरव की बात होगी।
आतंक के खिलाफ लड़ाई में इस्लामिक देशों का सहयोग : गृहमंत्री
केेंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने शुक्रवार को यहां कहा कि भारत को आतंक के खिलाफ लड़ाई में इस्लामिक देशों का सहयोग मिल रहा है। मंत्री ने यहां राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) के एक आवासीय परिसर और कार्यालय के उद्घाटन के दौरान कहा कि सभी देश आतंक से लड़ने के लिए एक मंच पर आ रहे हैं। आतंक के खिलाफ एक निर्णायक युद्ध होना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस्लामिक सहयोग संगठन (ओआईसी) ने पहली बार सम्मानित अतिथि के तौर पर भारत की विदेश मंत्री सुषमा स्वराज को आमंत्रित किया।


