Top
Begin typing your search above and press return to search.

पश्चिम बंगाल: तृणमूल कांग्रेस ने विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष, उपनेता और चीफ व्हिप के नाम घोषित किए

टीएमसी ने पश्चिम बंगाल विधानसभा में अपने नेता प्रतिपक्ष, उपनेता प्रतिपक्ष और चीफ व्हिप के नामों की घोषणा कर दी।

पश्चिम बंगाल: तृणमूल कांग्रेस ने विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष, उपनेता और चीफ व्हिप के नाम घोषित किए
X

कोलकाता। टीएमसी ने शनिवार को पश्चिम बंगाल विधानसभा में अपने नेता प्रतिपक्ष, उपनेता प्रतिपक्ष और चीफ व्हिप के नामों की घोषणा कर दी।

पार्टी के वरिष्ठ नेता सोवनदेब चट्टोपाध्याय को 18वीं पश्चिम बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बनाया गया है। वह इस बार दक्षिण कोलकाता की बालीगंज विधानसभा सीट से निर्वाचित हुए हैं।

तृणमूल कांग्रेस के महासचिव और लोकसभा सांसद अभिषेक बनर्जी ने शनिवार रात बयान जारी कर चट्टोपाध्याय के नाम की घोषणा की।

गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री होने के नाते विधानसभा में नेता सदन सुवेंदु अधिकारी हैं। अधिकारी ने शनिवार सुबह पश्चिम बंगाल के नौवें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। वह स्वतंत्रता के बाद राज्य में भाजपा नीत सरकार के पहले मुख्यमंत्री बने हैं।

चट्टोपाध्याय वर्ष 2021 से 2026 तक ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली पिछली तृणमूल सरकार में कृषि मंत्री और संसदीय कार्य मंत्री रह चुके हैं। इससे पहले वह राज्य के बिजली मंत्री भी रह चुके हैं।

पार्टी की ओर से जारी बयान में दो महिला विधायकों को उपनेता प्रतिपक्ष बनाया गया है। इनमें पहली हैं अभिनेत्री से नेता बनीं नैना बंद्योपाध्याय, जो उत्तर कोलकाता की चौरंगी विधानसभा सीट से विधायक हैं। वह तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ लोकसभा सांसद सुदीप बंदोपाध्याय की पत्नी भी हैं।

दूसरी उपनेता प्रतिपक्ष असीमा पात्रा को बनाया गया है, जो हुगली जिले की धनियाखली विधानसभा सीट से विधायक हैं।

वहीं, पार्टी ने फिरहाद हकीम को विधानसभा में तृणमूल कांग्रेस विधायक दल का चीफ व्हिप नियुक्त किया है।

फिरहाद हकीम, जिन्हें ‘बॉबी’ के नाम से भी जाना जाता है, वर्तमान में कोलकाता नगर निगम के मेयर हैं। वह वर्ष 2011 से 2026 तक तृणमूल सरकार के तीनों कार्यकाल में नगर प्रशासन और शहरी विकास मंत्री भी रह चुके हैं।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it