Top
Begin typing your search above and press return to search.

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का दोहरा चेहरा है: असदुद्दीन ओवैसी

ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए कहा कि उनका दोहरा चेहरा है

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का दोहरा चेहरा है: असदुद्दीन ओवैसी
X

पटना। ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने रविवार को यहां पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए कहा कि उनका दोहरा चेहरा है।

पटना में मीडिया से बातचीत में उन्होंने तृणमूल कांग्रेस के पश्चिम बंगाल विधानसभा 2026 के लिए उर्दू भाषा में चुनाव घोषणापत्र जारी किए जाने को लेकर कहा कि ममता बनर्जी का दोहरा चेहरा है। उन्होंने कहा कि पिछले साल उच्च न्यायालय ने पांच लाख पिछड़े जाति के प्रमाणपत्र रद्द कर दिए थे। इसमें करीब तीन लाख मुसलमानों के पिछड़े प्रमाणपत्र थे। उस पर बात ही नहीं हो रही है। ऐसे में वे अपना घोषणापत्र उर्दू में जारी कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में मुसलमानों की 29 प्रतिशत आबादी है, जिनमें से केवल 7 प्रतिशत सरकारी नौकरियों में हैं। सबसे ज्यादा स्कूल ड्रॉपआउट मुसलमानों का है। मुसलमानों की साक्षरता दर काफी कम है। मालदा और मुर्शिदाबाद में बहुत ज्यादा गरीबी है।

उन्होंने बिहार में महागठबंधन की सरकार बनने पर समर्थन देने पर सवालिया लहजे में कहा कि बन रही है क्या? उन्होंने तंज कसते हुए भी कहा कि राज्यसभा चुनाव में तो 'खेला' हो गया। उन्होंने कहा कि बिहार चुनाव में भी वे लोग ऐसी ही बातें कर रहे थे, उनकी बात का जनता पर कोई असर नहीं हुआ। अभी जिन राज्यों में चुनाव हो रहे हैं, वहां भी इसका असर नहीं होगा।

बता दें कि पश्चिम बंगाल में हो रहे विधानसभा चुनाव में सभी पार्टियां अपना पूरा जोर लगा रही हैं। चुनाव में टीएमसी और भाजपा में कड़ी टक्कर मानी जा रही है। इस बीच टीएमसी से निष्कासित हुमायूं कबीर की पार्टी संग गठबंधन कर एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी भी मैदान में उतरे हुए हैं। उल्लेखनीय है कि पश्चिम बंगाल चुनाव के लिए तृणमूल कांग्रेस ने उर्दू भाषा में अपना घोषणापत्र जारी किया, जिसको लेकर सियासी बयानबाजी गरम है।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it