Top
Begin typing your search above and press return to search.

पश्चिम बंगाल: चुनाव आयोग के दोबारा मतदान कराने के फैसले का भाजपा नेताओं ने किया स्वागत

पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले की मगराहाट पश्चिम और डायमंड हार्बर विधानसभा सीटों के 15 मतदान केंद्रों पर दोबारा मतदान कराने के चुनाव आयोग के फैसले का भाजपा उम्मीदवारों ने शुक्रवार को स्वागत किया।

पश्चिम बंगाल: चुनाव आयोग के दोबारा मतदान कराने के फैसले का भाजपा नेताओं ने किया स्वागत
X

कोलकाता। पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले की मगराहाट पश्चिम और डायमंड हार्बर विधानसभा सीटों के 15 मतदान केंद्रों पर दोबारा मतदान कराने के चुनाव आयोग के फैसले का भाजपा उम्मीदवारों ने शुक्रवार को स्वागत किया।

फाल्टा विधानसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार के नाम और चुनाव चिह्न के सामने ईवीएम का बटन खराब होने और छेड़छाड़ की शिकायतों के बाद चुनाव आयोग ने मामले की गहन जांच के आदेश दिए थे।

इस फैसले का स्वागत करते हुए भवानीपुर और नंदीग्राम सीट से भाजपा उम्मीदवार सुवेंदु अधिकारी ने कहा, ''मगराहाट पश्चिम में दोबारा मतदान का फैसला स्वागत योग्य है, लेकिन डायमंड हार्बर में और ज्यादा बूथों पर दोबारा मतदान होना चाहिए।''

उन्होंने कहा, ''वहां सिर्फ चार बूथों पर दोबारा मतदान हो रहा है। पूरे फाल्टा क्षेत्र में पुनर्मतदान होना चाहिए या कम से कम 60 बूथों पर दोबारा मतदान कराया जाना चाहिए।''

जब उनसे पूछा गया कि फाल्टा विधानसभा क्षेत्र के लिए पुनर्मतदान का आदेश क्यों नहीं आया, तो सुवेंदु अधिकारी ने कहा, ''चुनाव आयोग कुछ सोचकर ही फैसला कर रहा होगा। इसके लिए कुछ प्रक्रियाएं होती हैं, जैसे सीसीटीवी फुटेज, ऑब्जर्वर की रिपोर्ट और पीठासीन अधिकारी की रिपोर्ट।''

उन्होंने कहा, ''एक तय व्यवस्था होती है और चुनाव आयोग उसी के मुताबिक काम कर रहा है। हमें चुनाव आयोग पर पूरा भरोसा है। हम ममता बनर्जी की तरह बातें नहीं करते।''

नोआपाड़ा विधानसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार अर्जुन सिंह ने भी पुनर्मतदान के फैसले को सही बताया। उन्होंने कहा, ''जिस तरह ईवीएम में गड़बड़ी की गई और अगर एक भी व्यक्ति अपना वोट नहीं डाल पाया, तो दोबारा मतदान कराना चुनाव आयोग की जिम्मेदारी है।''

तृणमूल कांग्रेस नेता कुणाल घोष ने पुनर्मतदान के फैसले पर आपत्ति जताई और आरोप लगाया कि यह मांग जबरन कराई जा रही है। उन्होंने कहा, ''वे जो करना चाहते हैं, वह सही नहीं है। मतदान शांतिपूर्ण हुआ था। वे जबरन पुनर्मतदान की मांग कर रहे हैं।''

कुणाल घोष ने दावा किया कि जिन बूथों पर दोबारा मतदान होगा, वहां तृणमूल कांग्रेस भारी बहुमत से जीतेगी।

शनिवार को जिन 15 मतदान केंद्रों पर दोबारा मतदान होगा, उनमें 11 मगराहाट (पश्चिम) और 4 डायमंड हार्बर विधानसभा क्षेत्र में हैं। इन दोनों सीटों पर 29 अप्रैल को पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में मतदान हुआ था।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it