Top
Begin typing your search above and press return to search.

बंगाल चुनाव के परिणाम आने के बाद चार मई को भाजपा की गलतफहमी दूर हो जाएगी: बाबुल सुप्रियो

पश्चिम बंगाल चुनाव में दूसरे चरण के लिए 142 सीटों पर मतदान हुआ। टीएमसी सांसद बाबुल सुप्रियो ने हावड़ा में मतदान किया और चुनाव को ‘लोकतांत्रिक उत्सव’ करार दिया।

बंगाल चुनाव के परिणाम आने के बाद चार मई को भाजपा की गलतफहमी दूर हो जाएगी: बाबुल सुप्रियो
X

हावड़ा। पश्चिम बंगाल चुनाव में बुधवार को दूसरे चरण के लिए 142 सीटों पर मतदान हुआ। टीएमसी सांसद बाबुल सुप्रियो ने हावड़ा में मतदान किया और चुनाव को ‘लोकतांत्रिक उत्सव’ करार दिया।

वोट डालने के बाद बाबुल सुप्रियो ने विश्वास जताया कि 4 मई को आने वाले नतीजे पूरी स्थिति को स्पष्ट कर देंगे और जो माहौल अभी बन रहा है, वही परिणामों में भी दिखेगा। उन्होंने टीएमसी सरकार के वापसी के संकेत दिए। उन्होंने भाजपा पर तंज कसते हुए कहा कि 4 मई को जब चुनाव के परिणाम आएंगे तो भाजपा की गलतफहमी दूर हो जाएगी।

सुप्रियो ने कहा कि मतदान करना एक विशेष अनुभव होता है और लोकतंत्र में यह हर नागरिक का अधिकार है।

उन्होंने बताया कि कई इलाकों से मतदान में गड़बड़ी की खबरें सामने आई हैं, लेकिन उनके क्षेत्र में मतदान शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ। उनके अनुसार, यहां लगभग 90 प्रतिशत तक मतदान होने की बात सामने आ रही है, जो लोगों की सक्रिय भागीदारी को दर्शाता है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कुछ जगहों पर मतदाताओं में डर का माहौल बनाया गया है।

सुप्रियो ने कहा कि यदि कोई वोट नहीं डालता है तो उसे ‘बांग्लादेशी’ या ‘रोहिंग्या’ कहे जाने का डर दिखाया जा रहा है, जो बेहद चिंताजनक है।

उन्होंने मतदाता सूची से लाखों लोगों के नाम हटाए जाने के मुद्दे पर भी सवाल उठाए। उनका कहना है कि यदि इतनी बड़ी संख्या में लोगों को सूची से बाहर किया गया है तो पहले उनकी पहचान की जानी चाहिए थी। केवल आरोप लगाने या बयान देने से स्थिति स्पष्ट नहीं होती। कुछ मतदाताओं को उनके अधिकार से वंचित किया गया है, जो लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है।

4 मई को भाजपा की सरकार बनाने के दावे पर टीएमसी सांसद ने कहा कि सभी दलों को अपनी बात रखने का अधिकार है, लेकिन अंतिम निर्णय जनता के मत से ही होगा।

उन्होंने कहा कि टीएमसी सरकार की विभिन्न योजनाएं पहले से चल रही हैं और भाजपा के नए वादों की सच्चाई भी जल्द सामने आ जाएगी। सुप्रियो ने कहा कि 4 मई को चुनाव परिणाम आने के बाद स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो जाएगी।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it