Top
Begin typing your search above and press return to search.

लड़ाई अभी खत्म नहीं हुई, हम और मजबूत होकर लौटेंगे: टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी

टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी ने एक भावनात्मक संदेश जारी करते हुए पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया है

लड़ाई अभी खत्म नहीं हुई, हम और मजबूत होकर लौटेंगे: टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी
X

कोलकाता। टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी ने गुरुवार को एक भावनात्मक संदेश जारी करते हुए पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में जारी वीडियो संदेश में उन्होंने पार्टी के हर कार्यकर्ता को सिपाही बताते हुए उनके साहस, धैर्य और न्याय के लिए लगातार संघर्ष के लिए धन्यवाद दिया।

अभिषेक बनर्जी ने कहा कि बेहद कठिन और समझौता किए गए चुनाव के बावजूद कार्यकर्ताओं ने उम्मीद नहीं छोड़ी। उन्होंने आरोप लगाया कि कई स्थानों पर पार्टी के उम्मीदवारों और काउंटिंग एजेंटों को जबरन हटाया गया, जबकि मतगणना प्रक्रिया पर केंद्रीय सरकारी कर्मचारियों का प्रभाव रहा।

टीएमसी नेता ने पश्चिम बंगाल में चुनाव परिणाम आने के बाद हुई हिंसा पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि केंद्र द्वारा सुरक्षा के आश्वासन के बावजूद राज्य में चौंकाने वाली हिंसा देखने को मिली। आरोप लगाया कि केंद्रीय बल मूकदर्शक बने रहे, जबकि पार्टी के कार्यकर्ताओं, दफ्तरों और घरों पर हमले हुए और आगजनी की घटनाएं सामने आईं। उन्होंने इस हिंसा में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। बनर्जी ने कहा कि पिछले कुछ दिनों में बंगाल ने बहुत कुछ सहा है और ऐसी घटनाएं राज्य की मूल भावना के खिलाफ हैं।

टीएमसी सांसद ने यह स्पष्ट किया कि यह लड़ाई अभी खत्म नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि हर प्रकार की कथित अनियमितता, हेरफेर और सत्ता के दुरुपयोग को संवैधानिक और कानूनी तरीकों से चुनौती दी जाएगी। उन्होंने सुप्रीम कोर्ट और देश की लोकतांत्रिक संस्थाओं पर पूरा भरोसा जताया। उन्होंने दावा किया कि 100 से अधिक सीटों पर उम्मीदवारों और काउंटिंग एजेंटों को जबरन हटाया गया और कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं, जिससे जनता के जनादेश को कमजोर किया गया। उन्होंने कहा कि सच को हमेशा के लिए दबाया नहीं जा सकता और बंगाल के लोगों के साथ हुए हर अन्याय का मुद्दा पूरी ताक़त और दृढ़ता के साथ उठाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि बंगाल के लोग जानते हैं कि हर मुश्किल घड़ी में कौन उनके साथ खड़ा रहा और हमें भी धैर्य, एकता और दृढ़ता के साथ ऐसा करना जारी रखना चाहिए। सच को हमेशा के लिए दबाया नहीं जा सकता। हम और भी ज्यादा मजबूत होकर लौटेंगे।

टीएमसी सांसद ने कार्यकर्ताओं को एकजुट रहने की सलाह देते हुए कहा कि जमीन पर डटे रहें। साहस, अनुशासन और सकारात्मकता के साथ लोगों की सेवा करना जारी रखें। हमारी लड़ाई अटूट दृढ़ता और लोकतंत्र में पूर्ण विश्वास के साथ जारी रहेगी।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it