Top
Begin typing your search above and press return to search.

कोलकाता में नौकर ने बुजुर्ग महिला से की लूटपाट, तकिये से दबाकर हत्या की कोशिश

कोलकाता के जोराबागान इलाके में एक बुजुर्ग महिला के साथ लूटपाट और हत्या के प्रयास का सनसनीखेज मामला सामने आया है

कोलकाता में नौकर ने बुजुर्ग महिला से की लूटपाट, तकिये से दबाकर हत्या की कोशिश
X

कोलकाता। कोलकाता के जोराबागान इलाके में एक बुजुर्ग महिला के साथ लूटपाट और हत्या के प्रयास का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि महिला के घर में कई वर्षों से काम कर रहा नौकर उनके गहने और नकदी लूटकर फरार हो गया। विरोध करने पर उसने महिला की हत्या करने की भी कोशिश की। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, घटना की शिकायत रविवार को महिला के परिवार की ओर से दर्ज कराई गई। गंभीर रूप से घायल महिला को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।

जानकारी के मुताबिक, बुजुर्ग महिला उत्तर कोलकाता के महर्षि देवेंद्र रोड स्थित एक बहुमंजिला इमारत की पांचवीं मंजिल पर रहती हैं। उनके घर में पिछले कुछ वर्षों से संजय घोष नाम का व्यक्ति नौकर के रूप में काम कर रहा था और उसने महिला का विश्वास जीत लिया था।

पुलिस के मुताबिक, शनिवार दोपहर आरोपी शराब के नशे में महिला के फ्लैट में पहुंचा और दरवाजा बंद कर लिया। शुरुआत में महिला को किसी अनहोनी का अंदेशा नहीं हुआ। आरोपी ने सामान्य बातचीत की, लेकिन कुछ देर बाद वह रसोई में गया और चाकू लाकर महिला की गर्दन पर रख दिया।

जब महिला ने मदद के लिए चिल्लाना शुरू किया तो आरोपी ने टीवी की आवाज तेज कर दी, ताकि उनकी आवाज बाहर तक न पहुंच सके।

डर के कारण महिला चुप हो गईं, जिसके बाद आरोपी ने उनके गले से सोने की चेन और कानों से सोने की बालियां लूट लीं। इसके बाद उसने महिला की कमर में बंधी चाबियों का गुच्छा छीन लिया और अलमारी खोलकर उसमें रखे 70 हजार रुपए नकद भी निकाल लिए।

लूटपाट के बाद जब आरोपी भागने लगा तो महिला ने फिर शोर मचाया। इस पर आरोपी ने बेल्ट से उनका गला दबाने की कोशिश की। महिला के विरोध करने पर उसने तकिये से उनका मुंह दबाकर हत्या करने का प्रयास किया। महिला लगभग बेहोश हो गईं, जिसके बाद आरोपी नकदी और गहने लेकर फरार हो गया।

महिला कई घंटों तक घर में लगभग बेहोशी की हालत में पड़ी रहीं। बाद में जब लोगों को संदेह हुआ तो उन्होंने देखा कि फ्लैट का दरवाजा बाहर से बंद है। दरवाजा तोड़कर महिला को बाहर निकाला गया और अस्पताल पहुंचाया गया।

अस्पताल में भर्ती महिला ने पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिवार की शिकायत पर जोराबागान थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई।

पुलिस आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि आरोपी किस रास्ते से फरार हुआ। साथ ही उसकी गिरफ्तारी के लिए तलाश अभियान भी चलाया जा रहा है।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it