Top
Begin typing your search above and press return to search.

पश्चिम बंगाल में सत्ता परिवर्तन नहीं, बड़े बदलाव की शुरुआत: धर्मेंद्र प्रधान

पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी की जीत के बाद अब सुवेंदु अधिकारी के राज्य का नया मुख्यमंत्री बनने की तैयारी पूरी हो चुकी है। वे जल्द ही मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे और इसी के साथ बंगाल में एक नए राजनीतिक युग की शुरुआत मानी जा रही है।

पश्चिम बंगाल में सत्ता परिवर्तन नहीं, बड़े बदलाव की शुरुआत: धर्मेंद्र प्रधान
X

कोलकाता। पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी की जीत के बाद अब सुवेंदु अधिकारी के राज्य का नया मुख्यमंत्री बनने की तैयारी पूरी हो चुकी है। वे जल्द ही मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे और इसी के साथ बंगाल में एक नए राजनीतिक युग की शुरुआत मानी जा रही है। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने इस अवसर को ऐतिहासिक बताया है। उन्होंने कहा कि यह दिन बेहद खास है क्योंकि यह सिर्फ सत्ता परिवर्तन नहीं, बल्कि एक बड़े सांस्कृतिक और राजनीतिक बदलाव का संकेत है। उन्होंने यह भी कहा कि आज बंगाल में जिस तरह का माहौल बना है, वह कवि गुरुदेव रवीन्द्रनाथ टैगोर की जयंती के दिन और भी खास बन गया है।

धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि यह बदलाव उस सपने की तरह है, जो लंबे समय से देखा जा रहा था। उनके अनुसार, यह घटना श्यामा प्रसाद मुखर्जी के योगदान को सच्ची श्रद्धांजलि है, जिन्होंने भारत की एकता और विकास के लिए अपना जीवन समर्पित किया था। उन्होंने कहा कि जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर भरोसा जताया है और अब राज्य विकास की नई दिशा में आगे बढ़ेगा।

इसी बीच, बिहार के मंत्री रामकृपाल यादव ने भी सुवेंदु अधिकारी को शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि नए मुख्यमंत्री के नेतृत्व में बंगाल में विकास की रफ्तार तेज होगी। उनके अनुसार, राज्य कई सालों से जिस विकास की राह से दूर था, अब वह फिर से उस दिशा में आगे बढ़ेगा।

गौरतलब है कि सुवेंदु अधिकारी ने इस चुनाव में दो विधानसभा सीटों नंदीग्राम और भवानीपुर पर जीत हासिल की। भवानीपुर सीट पर उन्होंने तृणमूल कांग्रेस प्रमुख और तत्कालीन मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को हराया था।

शपथ ग्रहण समारोह कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में हो रहा है, जिसमें देशभर से बड़े नेता शामिल होंगे। बताया जा रहा है कि इस समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और कई एनडीए शासित राज्यों के कई मुख्यमंत्री भी मौजूद हैं।

भाजपा की इस ऐतिहासिक जीत की घोषणा 4 मई को विधानसभा चुनाव परिणाम आने के बाद हुई थी। इसके बाद पार्टी नेतृत्व ने बैठक कर सुवेंदु अधिकारी को विधायक दल का नेता चुना और उनके नाम पर मुख्यमंत्री पद की मुहर लगाई।



Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it