भवानीपुर की हार को ममता बनर्जी ने दी चुनौती, कलकत्ता हाईकोर्ट में खुद याचिका दायर करने पहुंचीं
भवानीपुर विधानसभा सीट पर इस बार बेहद दिलचस्प और चर्चित मुकाबला देखने को मिला था। तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख ममता बनर्जी और भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी के बीच सीधी टक्कर हुई थी। चुनाव प्रचार के दौरान दोनों दलों ने इस सीट को प्रतिष्ठा का प्रश्न बना लिया था, जिसके चलते पूरे राज्य की नजरें इस मुकाबले पर टिकी थीं।

कोलकाता: पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी ने भवानीपुर विधानसभा सीट के चुनाव परिणाम को कलकत्ता हाई कोर्ट में चुनौती दी है। बुधवार को वह अचानक हाई कोर्ट पहुंचीं, जहां उन्होंने चुनाव परिणाम से संबंधित याचिका के दस्तावेजों पर हस्ताक्षर किए। इस दौरान उनके साथ पार्टी के वरिष्ठ नेता और सांसद डेरेक ओ'ब्रायन, राज्यसभा सांसद डोला सेन तथा सांसद कल्याण बनर्जी भी मौजूद रहे।
भवानीपुर में हुआ था हाई-प्रोफाइल मुकाबला
भवानीपुर विधानसभा सीट पर इस बार बेहद दिलचस्प और चर्चित मुकाबला देखने को मिला था। तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख ममता बनर्जी और भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी के बीच सीधी टक्कर हुई थी। चुनाव प्रचार के दौरान दोनों दलों ने इस सीट को प्रतिष्ठा का प्रश्न बना लिया था, जिसके चलते पूरे राज्य की नजरें इस मुकाबले पर टिकी थीं।
शुभेंदु अधिकारी ने दर्ज की थी जीत
मतगणना के बाद भवानीपुर सीट पर भाजपा उम्मीदवार और पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी विजयी घोषित किए गए थे। उन्होंने ममता बनर्जी को 15,104 वोटों के अंतर से हराया था। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, शुभेंदु अधिकारी को 73,917 वोट मिले, जबकि ममता बनर्जी के खाते में 58,812 वोट आए। इस मुकाबले में माकपा उम्मीदवार श्रीजीब विश्वास तीसरे स्थान पर रहे, जिन्हें 3,556 मत प्राप्त हुए।
न्यायिक प्रक्रिया पर टिकी निगाहेंममता बनर्जी द्वारा चुनाव परिणाम को अदालत में चुनौती दिए जाने के बाद अब इस मामले पर कानूनी प्रक्रिया शुरू हो गई है। राजनीतिक हलकों में इस कदम को महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि भवानीपुर सीट लंबे समय से तृणमूल कांग्रेस का मजबूत गढ़ मानी जाती रही है। अब सभी की नजरें हाई कोर्ट की आगामी सुनवाई और उसके फैसले पर टिकी हैं।


