Top
Begin typing your search above and press return to search.

भरोसा नहीं था कि 22 विधायक टूट जाएंगे - कमलनाथ

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने आज कहा कि उन्हें इस बात का भरोसा कभी नहीं था कि उनके दल के 22 विधायक टूटकर चले जाएंगे।

भरोसा नहीं था कि 22 विधायक टूट जाएंगे - कमलनाथ
X

भोपाल। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने आज कहा कि उन्हें इस बात का भरोसा कभी नहीं था कि उनके दल के 22 विधायक टूटकर चले जाएंगे।

श्री कमलनाथ ने यहां वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से पत्रकारों से चर्चा के दौरान सवालों के जवाब में यह बात कही। श्री कमलनाथ ने कहा कि उनके साथ ही वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह को भी इस बात का भरोसा नहीं था कि 22 पार्टी विधायक इस तरह प्रलोभन के चलते हमारा साथ छोड देंगे।

श्री कमलनाथ ने कहा कि उनके पास पूरी सूची है कि इन 22 तत्कालीन विधायकों के क्या क्या काम सरकार में किए गए। लेकिन अब वे इन बातों में जाना नहीं चाहते हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में राज्य में कुल 24 सीटों पर उपचुनाव होेने हैं। मतदाता जागरुक हैं। और वे समझ गए हैं कि उनके साथ धोखा हुआ है। इसलिए कांग्रेस को उम्मीद है कि इनमें से अधिकांश सीटों पर वे चुनाव जीतेंगे और फिर यह सरकार कैसे सत्ता में रहेगी।

पूर्ववर्ती सरकार के दौरान कांग्रेस विधायकों की कथित नाराजगी संबंधी सवाल के जवाब में श्री कमलनाथ ने कहा कि उन्होंने कभी भी सरकार को आउटसोर्स नहीं किया। अपनी सरकार वे स्वयं चलाते थे। मंत्रियों और अधिकारियों के साथ मीटिंग करते थे। इन सबके बीच विधायकों से भी मिलने का प्रयास करते थे। उन्होंने यह स्वीकार नहीं किया कि विधायक दुखी थे।

कोरोना वायरस के संक्रमण को रोकने संबंधी सवालों के जवाब में श्री कमलनाथ ने दावा करते हुए कहा कि उनकी सरकार ने समय रहते पर्याप्त कदम उठाए थे। कोरोना संबंधी पहला टेस्ट 19 मार्च को हो गया था। लेकिन मौजूदा सरकार के कार्यकाल में स्थिति काफी गंभीर हो गयी है। अस्पतालों में कोरोना के इलाज संबंधी पर्याप्त संसाधन ही नहीं हैं। इस संबंध में सरकार से पूछा जाना चाहिए।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और विधानसभा में विपक्ष के नेता के मनोनयन संंबंधी सवालों के जवाब में श्री कमलनाथ ने कहा कि इस संबंध में कांग्रेस अध्यक्ष समय आने पर उचित निर्णय लेंगी।

इसके पहले श्री कमलनाथ ने अपने कार्यकाल के दौरान उठाए गए मुख्य कदमों का जिक्र किया। उन्होंने किसान ऋण माफी योजना का भी जिक्र किया और कहा कि दो चरणों में किसानों के ऋण माफ किए गए थे। अगला चरण जून माह से प्रारंभ होना था। उन्होंने उम्मीद जतायी कि मौजूदा सरकार किसानों के ऋण माफ करने संबंधी योजना जारी रखेगी।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it