वीआईपी ने ‘गुडमार्निंग’ के साथ दबाया बटन
नोएडा ! लोकतंत्र के महापर्व में शहर के वीआईपी ‘गुडमार्निंग’ के साथ ही ईवीएम मशीन का बटन दबाया।

नोएडा ! लोकतंत्र के महापर्व में शहर के वीआईपी ‘गुडमार्निंग’ के साथ ही ईवीएम मशीन का बटन दबाया। इसके साथ सोशल मीडिया पर अपनी फोटो निशान के साथ शेयर कर लोगों को मतदान के प्रति जागरूक भी किया। केंद्रीय मंत्री महेश शर्मा, उनकी पत्नी ऊषा शर्मा प्रिंसिपल सेक्रेट्री (औद्योगिक) और नोएडा ग्रेटरनोएडा प्राधिकरण के चेयरमैन रमारमन के साथ उनकी पत्नी प्रतिभा रमन, प्राधिकरण के उप मुख्य कार्यपालक अधिकारी सौम्य श्रीवास्ततव, बसपा व सपा प्रत्याशी ने सुबह सुबह ईवीएम का बटन दबा दिया। नोएडा के सेक्टर-15ए क्लब में केंद्रीय मंत्री महेश शर्मा अपने परिवार के साथ मतदाता स्थल पहुंचे। नियमानुसार गाडिय़ां 100 मीटर पहले पार्क की गई। जिसके बाद उन्होंने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
उनके साथ भाजपा प्रत्याशी पंकज सिंह भी मौजूद रहे। इसी तरह सेक्टर-14 स्थित मतदाता स्थल पर चेयरमैन रमारमण ने अपनी पत्नी प्रतिभा के साथ मतदान किया। जब वह मतदान करने पहुंचे तो वहां कुछ लोग लाइन में खड़े होकर मतदान करने की बारी का इंतजार कर रहे थे। ऐसे में लाइन में लगकर ही मतदान किया गया। वहीं, सेक्टर-14 में ही डीसीईओ सौम्य श्रीवास्तव ने भी अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
अच्छी बात यह रही कि यह वीआईपी अपने परिवार के साथ ही मतदाता स्थल पहुंचे। उनके सुरक्षा बल भी मतदाता स्थल के बाहर ही उनका इंतजार करता दिखा। वहीं, बसपा प्रत्याशी रवि कांत ने सेक्टर-50 मतदाता स्थल पर जाकर मतदान किया उनके साथ भी उनका परिवार था इसके साथ सेक्टर-19 स्थित मतदाता स्थल पर सपा प्रत्याशी सुनील चौधरी ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।


