Top
Begin typing your search above and press return to search.

उत्तराखंड में मौसम बिगड़ने के आसार, कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी

मौसम विभाग द्वारा राज्य में संभावित खराब मौसम, आंधी-तूफान एवं आकाशीय बिजली की चेतावनी को दृष्टिगत रखते हुए राज्य आपातकालीन परिचालन केन्द्र द्वारा जनपदों के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं

उत्तराखंड में मौसम बिगड़ने के आसार, कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी
X

देहरादून। मौसम विभाग द्वारा राज्य में संभावित खराब मौसम, आंधी-तूफान एवं आकाशीय बिजली की चेतावनी को दृष्टिगत रखते हुए राज्य आपातकालीन परिचालन केन्द्र द्वारा जनपदों के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। इस संबंध में विस्तृत पत्र जारी कर सतर्कता एवं तैयारी सुनिश्चित करने को कहा गया है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग ने सोमवार और मंगलवार के लिए देहरादून, टिहरी, हरिद्वार, पौड़ी, नैनीताल, चंपावत और ऊधम सिंह नगर जनपदों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन जनपदों में कहीं-कहीं गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने, ओलावृष्टि, तीव्र से अति तीव्र वर्षा तथा 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना व्यक्त की गई है।

इसके अलावा, 5 मई को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर एवं पिथौरागढ़ जनपदों में भी ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जहां ओलावृष्टि, तेज वर्षा एवं तेज हवाओं की संभावना जताई गई है। वहीं, 2 मई से 6 मई तक राज्य के अन्य जनपदों में येलो अलर्ट जारी करते हुए गरज-चमक, आकाशीय बिजली एवं तेज हवाओं की संभावना व्यक्त की गई है।

सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने बताया कि जनपदों को उच्च सतर्कता बनाए रखने तथा किसी भी आपदा की स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। पर्वतीय क्षेत्रों में ट्रेकिंग गतिविधियों को नियंत्रित करने, संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने तथा राहत एवं बचाव दलों को अलर्ट मोड पर रखने के निर्देश दिए गए हैं।

सभी संबंधित विभागों, जैसे राष्ट्रीय राजमार्ग, लोक निर्माण विभाग, पीएमजीएसवाई, बीआरओ आदि को मार्ग अवरुद्ध होने की स्थिति में तत्काल बहाली सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही, ग्राम स्तर तक अधिकारियों को अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहने एवं आपदा उपकरणों तथा संसाधनों को तैयार स्थिति में रखने को कहा गया है।

इसके अलावा, अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने मोबाइल/संचार माध्यम सक्रिय रखें तथा आवश्यकता पड़ने पर त्वरित समन्वय स्थापित करें। विद्यालयों में विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it