Top
Begin typing your search above and press return to search.

उत्तराखंड: चारधाम यात्रा में रिकॉर्ड श्रद्धालु, बद्रीनाथ-गंगोत्री में टूटे पुराने रिकॉर्ड

उत्तराखंड में चारधाम यात्रा में इस बार श्रद्धालुओं की संख्या लगातार नए रिकॉर्ड बना रही है। राज्य सरकार के मुताबिक, मौजूदा यात्रा सीजन में अब तक 53 लाख 23 हजार 401 श्रद्धालु चारधाम के दर्शन कर चुके हैं, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि में यह संख्या करीब 46 लाख थी।

उत्तराखंड: चारधाम यात्रा में रिकॉर्ड श्रद्धालु, बद्रीनाथ-गंगोत्री में टूटे पुराने रिकॉर्ड
X

देहरादून। उत्तराखंड में चारधाम यात्रा में इस बार श्रद्धालुओं की संख्या लगातार नए रिकॉर्ड बना रही है। राज्य सरकार के मुताबिक, मौजूदा यात्रा सीजन में अब तक 53 लाख 23 हजार 401 श्रद्धालु चारधाम के दर्शन कर चुके हैं, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि में यह संख्या करीब 46 लाख थी।

बद्रीनाथ और गंगोत्री धाम में श्रद्धालुओं की संख्या पुराने रिकॉर्ड को पार कर चुकी है। बद्रीनाथ धाम में अब तक 18.10 लाख श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। वहीं, गंगोत्री धाम में पहली बार श्रद्धालुओं की संख्या 8.41 लाख तक पहुंच गई है।

यमुनोत्री धाम में भी अब तक 7.5 लाख से ज्यादा श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं, जबकि केदारनाथ धाम में 15.57 लाख श्रद्धालु पहुंच चुके हैं।

सरकार के अनुसार, यात्रा में अभी करीब डेढ़ महीने का समय बाकी है। ऐसे में इस बार श्रद्धालुओं की कुल संख्या में पिछले वर्षों की तुलना में और अधिक बढ़ोतरी होने की उम्मीद है।

श्री हेमकुंट साहिब की यात्रा को लेकर भी श्रद्धालुओं में उत्साह देखने को मिल रहा है। यहां श्रद्धालुओं की संख्या 3 लाख 52 हजार 765 तक पहुंच चुकी है, जो बीते कई वर्षों की तुलना में अधिक बताई गई है।

राज्य सरकार का कहना है कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दिशा-निर्देशन में चारधाम यात्रा को सतर्कता और लगातार निगरानी के साथ संचालित किया जा रहा है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए जरूरी कदम उठाए गए हैं।

चारधाम यात्रा से जुड़े रुद्रप्रयाग, चमोली और उत्तरकाशी जिलों में आपदा प्रबंधन विभाग को 24 घंटे अलर्ट मोड पर रखा गया है। सुरक्षित और सुगम यात्रा के लिए व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जा रही है।

राज्य सरकार के मुताबिक, चारधाम यात्रा का पहला चरण सफल रहा और दूसरे चरण में भी बड़ी संख्या में तीर्थयात्री पहुंच रहे हैं। इसे देखते हुए यात्रा मार्गों और संबंधित जिलों में जरूरी व्यवस्थाएं की गई हैं।

राज्य और जिला स्तर के वरिष्ठ अधिकारी लगातार चारधाम यात्रा की व्यवस्थाओं की समीक्षा कर रहे हैं। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए संबंधित जिलों में आपदा प्रबंधन तंत्र को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और यात्रा को सुरक्षित, सुगम तथा व्यवस्थित बनाने के लिए सभी जरूरी व्यवस्थाएं की गई हैं।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it