Top
Begin typing your search above and press return to search.

उत्तराखंड में भूकंप से दहशत, दिल्ली-एनसीआर में भी हिली धरती

उत्तराखंड में मंगलवार रात भूकंप के झटकों से दहशत फैल गई। सबसे ज्यादा असर चमोली जिले में रहा, जहां रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 4.9 मापी गई। झटके इतने तेज थे कि पौड़ी गढ़वाल, उधम सिंह नगर, हरिद्वार और नैनीताल समेत कई जिलों में लोगों ने इसे महसूस किया।

उत्तराखंड में भूकंप से दहशत, दिल्ली-एनसीआर में भी हिली धरती
X

देहरादून। उत्तराखंड में मंगलवार रात भूकंप के झटकों से दहशत फैल गई। सबसे ज्यादा असर चमोली जिले में रहा, जहां रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 4.9 मापी गई। झटके इतने तेज थे कि पौड़ी गढ़वाल, उधम सिंह नगर, हरिद्वार और नैनीताल समेत कई जिलों में लोगों ने इसे महसूस किया।

नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी (एनसीएस) के अनुसार, भूकंप रात 10 बजकर 23 मिनट 13 सेकंड पर आया। इसका केंद्र अक्षांश 30.103 और देशांतर 79.561 पर था, जो जोशीमठ से लगभग 50 किलोमीटर दक्षिण में चमोली जिले में स्थित है। भूकंप की गहराई जमीन से 13 किलोमीटर नीचे थी।

पौड़ी गढ़वाल में भूकंप के झटके रात 10 बजकर 26 मिनट पर महसूस किए गए। यहां अनुमानित तीव्रता 4.4 बताई जा रही है। जनपद के कोटद्वार सहित अन्य पर्वतीय क्षेत्रों में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए। झटका महसूस होते ही लोग घरों से निकल आए और कुछ देर तक खुले में रहे।

उधम सिंह नगर जिले में रात 10 बजकर 24 मिनट पर भूकंप के झटके महसूस किए गए। वहीं कुमाऊं के नैनीताल जिले में भी 10:23 बजे धरती हिली। हरिद्वार जिले में भी लोगों ने कंपन महसूस होने की जानकारी दी है। लगातार अलग-अलग जिलों से भूकंप की सूचनाएं सामने आईं।

अभी तक किसी भी जिले से जान-माल के नुकसान की कोई खबर नहीं है। प्रशासन ने सभी तहसीलों से नुकसान की रिपोर्ट तलब की है। आपदा प्रबंधन विभाग ने लोगों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और भूकंप के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों का पालन करें।

उत्तराखंड भूकंप के लिहाज से जोन-4 और जोन-5 में आता है, जो अतिसंवेदनशील क्षेत्र माना जाता है। चमोली और जोशीमठ क्षेत्र पहले से ही भू-धंसाव को लेकर संवेदनशील रहा है। हाल के महीनों में इस क्षेत्र में कई बार भूकंप के हल्के झटके महसूस किए जा चुके हैं।

विशेषज्ञों के अनुसार 13 किलोमीटर की गहराई पर आया यह भूकंप मध्यम श्रेणी का है, जिसके कारण इसका असर बड़े क्षेत्रों में महसूस किया गया। फिलहाल स्थिति सामान्य बताई जा रही है। वहीं दिल्ली-एनसीआर में भी भूकंप के झटके महसूस करने के बाद लोग घरों से निकल आए। भूकंप करीब 10: 25 बजे आया।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it