चमोली में पंचायत उपचुनाव का ऐलान, 12 अक्टूबर को मतदान
उत्तराखंड राज्य निर्वाचन आयोग ने चमोली में रिक्त ग्राम पंचायत सदस्य, ग्राम प्रधान एवं क्षेत्र पंचायत सदस्य पदों पर उप निर्वाचन का कार्यक्रम जारी किया है। जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) गौरव कुमार ने संबंधित निर्वाचन अधिकारियों को निर्धारित समय-सारणी के अनुसार निर्वाचन प्रक्रिया संपन्न कराने के निर्देश दिए हैं

चमोली। उत्तराखंड राज्य निर्वाचन आयोग ने चमोली में रिक्त ग्राम पंचायत सदस्य, ग्राम प्रधान एवं क्षेत्र पंचायत सदस्य पदों पर उप निर्वाचन का कार्यक्रम जारी किया है। जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) गौरव कुमार ने संबंधित निर्वाचन अधिकारियों को निर्धारित समय-सारणी के अनुसार निर्वाचन प्रक्रिया संपन्न कराने के निर्देश दिए हैं। जिले में 12 अक्टूबर को मतदान होने हैं।
जारी कार्यक्रम के अनुसार नाम निर्देशन पत्र जमा करने की तिथि 30 सितंबर और 1 अक्टूबर निर्धारित की गई है। नाम निर्देशन पत्र 30 सितंबर को पूर्वाह्न 10 बजे से अपराह्न 5 बजे तक तथा 1 अक्टूबर को पूर्वाह्न 10 बजे से अपराह्न 5 बजे तक जमा किए जाएंगे। नाम निर्देशन पत्रों की जांच 3 अक्टूबर को पूर्वाह्न 10 बजे से कार्य की समाप्ति तक की जाएगी।
निर्वाचन से नाम वापसी के लिए 4 अक्टूबर को पूर्वाह्न 10 बजे से अपराह्न 3 बजे तक का समय निर्धारित किया गया है। निर्वाचन प्रतीक आवंटन 5 अक्टूबर को पूर्वाह्न 10 बजे से कार्य की समाप्ति तक किया जाएगा।
जारी कार्यक्रम के अनुसार, मतदान 12 अक्टूबर को प्रातः 8 बजे से शाम 5 बजे तक तथा मतगणना 14 अक्टूबर को प्रातः 8 बजे से कार्य की समाप्ति तक संपन्न कराई जाएगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने जनपद के समस्त विकासखंडों में नियुक्त निर्वाचन अधिकारी (रिटर्निंग ऑफिसर) को निर्देश दिए हैं कि अपने से संबंधित ग्राम पंचायतों के सदस्यों, ग्राम पंचायत प्रधानों एवं क्षेत्र पंचायत सदस्यों के रिक्त पदों का आरक्षण सहित पूर्ण विवरण निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार सार्वजनिक रूप से प्रकाशित करें तथा इसकी प्रति जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय को उपलब्ध कराएं।
उन्होंने निर्देशित किया कि निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। संबंधित ग्राम पंचायतों में निर्वाचन कार्यक्रम का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के साथ ही सूचना पट्टों पर भी कार्यक्रम प्रदर्शित किया जाए, ताकि संबंधित प्रत्याशियों एवं मतदाताओं को निर्वाचन प्रक्रिया एवं निर्धारित तिथियों की जानकारी उपलब्ध हो सके।
निर्वाचन कार्यक्रम के तहत ग्राम पंचायत सदस्य, प्रधान ग्राम पंचायत एवं सदस्य क्षेत्र पंचायत के प्रत्याशियों के नाम-निर्देशन पत्रों की बिक्री तथा संबंधित प्रक्रिया विकासखंड मुख्यालय पर निर्धारित तिथियों में संपन्न होगी। निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान मतों की गणना एवं परिणाम की घोषणा भी संबंधित क्षेत्र पंचायत मुख्यालय पर की जाएगी।
उप निर्वाचन-2026 के तहत संबंधित प्रादेशिक निर्वाचन क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता प्रभावी हो गई है, जो मतगणना समाप्ति तक लागू रहेगी।
चमोली जिले के 9 विकासखंडों में ग्राम पंचायत सदस्य के 279 रिक्त वार्डों पर उप निर्वाचन कराया जाएगा। विकासखंडवार कुल 4,385 ग्राम पंचायत सदस्य पद/स्थान हैं। रिक्त वार्डों में ज्योतिर्मठ 17, दशोली 21, नंदानगर 25, कर्णप्रयाग 26, पोखरी 40, गैरसैंण 21, नारायणबगड़ 76, थराली 30 तथा देवाल 23 वार्ड शामिल हैं।
चमोली में ग्राम पंचायत प्रधान के कुल 615 पद हैं, जिनमें वर्तमान में 6 पद रिक्त हैं। रिक्त पद विकासखंड कर्णप्रयाग, नारायणबगड़, थराली एवं देवाल में हैं। विकासखंड कर्णप्रयाग की ग्राम पंचायत खत्याड़ी में प्रधान पद महिला के लिए आरक्षित है। नारायणबगड़ की ग्राम पंचायत जुनेर एवं चलियापाणी में पद अन्य पिछड़ा वर्ग महिला तथा नाखौली में अनारक्षित है। थराली की ग्राम पंचायत मैन में पद अन्य पिछड़ा वर्ग महिला तथा देवाल की ग्राम पंचायत कुलिंग में पद अनारक्षित है।
जनपद में क्षेत्र पंचायत सदस्य के कुल 244 पद हैं, जिनमें 2 पद/स्थान रिक्त हैं। दोनों रिक्त पद विकासखंड गैरसैंण में हैं। वार्ड संख्या 04-मलेठी का पद अनु. जा. महिला तथा वार्ड संख्या 11-सिराणा का पद महिला के लिए आरक्षित है। वही, जिला पंचायत सदस्य का कोई पद/स्थान रिक्त नहीं है।


