Top
Begin typing your search above and press return to search.

हरिद्वार-दिल्ली हाईवे हादसा: दौड़ती वोल्वो बनी आग का गोला

उत्तराखंड में हरिद्वार-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर बुधवार तड़के एक बड़ा हादसा उस समय टल गया, जब देहरादून से दिल्ली और जयपुर जा रही एक वोल्वो बस में अचानक आग लग गयी

हरिद्वार-दिल्ली हाईवे हादसा: दौड़ती वोल्वो बनी आग का गोला
X

बस में भीषण आग: 32 यात्रियों की जान बची, सामान खाक

  • चालक की सतर्कता: तुरंत निकाले गए सभी यात्री
  • फायर सर्विस की कार्रवाई: मशक्कत के बाद आग पर काबू
  • तकनीकी खराबी का असर: इंजन से उठी लपटों ने बस को निगला

हरिद्वार। उत्तराखंड में हरिद्वार-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर बुधवार तड़के एक बड़ा हादसा उस समय टल गया, जब देहरादून से दिल्ली और जयपुर जा रही एक वोल्वो बस में अचानक आग लग गयी। आग इतनी भीषण थी कि देखते ही देखते पूरी बस जलकर खाक हो गई, हालांकि चालक की सतर्कता, यात्रियों की समझदारी और पुलिस-फायर सर्विस की त्वरित कार्रवाई के कारण बस में सवार सभी 32 यात्री सुरक्षित बच गये।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, महालक्ष्मी फिलिप्स वोल्वो बस आज सुबह करीब चार बजे देहरादून से ऋषिकेश होते हुए दिल्ली और जयपुर की ओर जा रही थी। बस जब क्रिस्टल वर्ल्ड से आगे पुलिस चौकी शांतारशाह से लगभग 200 मीटर पहले हरिद्वार-दिल्ली रोड पर पहुंची, तभी तकनीकी खराबी के कारण उसमें अचानक आग लग गई।

बस में आग लगते ही चालक अरुण कुमार निवासी उदयपुर और परिचालक रिंकू पुत्र लाल सिंह निवासी कंचनपुर, धौलपुर (राजस्थान) ने तत्परता दिखाते हुए सभी यात्रियों को तत्काल बस से बाहर निकाला। बस में कुल 32 यात्री सवार थे, जिनमें दो विदेशी नागरिक भी शामिल थे। यात्रियों की जान तो बच गई लेकिन उनका अधिकांश सामान और लगेज बस में ही रह गया, जो आग में जलकर नष्ट हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने के साथ ही रुड़की से फायर टेंडर बुलाया गया। पुलिस और अग्निशमन कर्मियों की संयुक्त टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया लेकिन तब तक बस पूरी तरह जल चुकी थी। चालक के अनुसार आग इंजन वाले हिस्से से शुरू हुई थी। बहरहाल पुलिस मामले की जांच मे जुटी हुई है।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it