सुपरनोवा की स्पायरा बिल्डिंग से युवक ने लगाई छलांग, मौके पर हुई मौत
सेक्टर-94 स्थित स्पायरा बिल्डिंग में शनिवार सुबह एक युवक ने होटल के कमरे की बालकनी से छलांग लगा दी

नोएडा। सेक्टर-94 स्थित स्पायरा बिल्डिंग में शनिवार सुबह एक युवक ने होटल के कमरे की बालकनी से छलांग लगा दी। घटना में उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर सेक्टर-126 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस के मुताबिक मृतक की पहचान संभव जैन (उम्र करीब 29 वर्ष) पुत्र विनय कुमार जैन के रूप में हुई है। वह गुरुग्राम के आईएमटी मानेसर क्षेत्र का रहने वाला था।
पुलिस के मुताबिक संभव जैन 2 अक्टूबर को दोपहर करीब 2:28 बजे स्पायरा बिल्डिंग के कमरा नंबर 4228 में एक दिन के ठहरने के लिए अकेला आया था। शनिवार 3 अक्टूबर को करीब 11:27 बजे वह कमरे की बालकनी में रेलिंग के बाहर लटका हुआ था। इसकी जानकारी पास के कमरे में काम कर रहे एसी टेक्नीशियनों को हुई।
एसी टेक्नीशियनों ने बचाने की कोशिश की
पुलिस के अनुसार बगल के कमरा नंबर 4227 में काम कर रहे एसी टेक्नीशियन तत्काल युवक को बचाने और समझाने के लिए बालकनी के पास पहुंचे। उन्होंने युवक से नीचे नहीं कूदने के लिए कहा, लेकिन वह उनकी बात नहीं माना। युवक ने उनसे कहा कि वह बहुत ज्यादा डिप्रेशन में है और जीना नहीं चाहता। इसके बाद उसने बालकनी से छलांग लगा दी।
मोबाइल में मिला वीडियो और पिता से चैट
पुलिस जांच में सामने आया है कि युवक ने घटना से पहले खुद एक वीडियो भी बनाया था। पुलिस के मुताबिक वीडियो में युवक ने आर्थिक तंगी का जिक्र करते हुए अपनी जान देने की बात कही है। पुलिस ने वीडियो को सुरक्षित कर लिया है और इसे जांच में साक्ष्य के तौर पर शामिल किया जा रहा है।
जांच के दौरान पुलिस को युवक के मोबाइल में उसके पिता के साथ हुई व्हाट्सएप चैट भी मिली है। पुलिस के मुताबिक इस चैट में युवक ने सुसाइड करने की बात लिखी थी। पुलिस मोबाइल और वीडियो से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच कर रही है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही सेक्टर-126 थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। घटना के समय मौके पर मौजूद लोगों और होटल के कर्मचारियों से भी पूछताछ की गई है।
पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। परिजनों को सूचना दे दी गई है। पुलिस का कहना है कि उपलब्ध वीडियो, मोबाइल चैट, सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। मामले में नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार फिलहाल कानून-व्यवस्था की स्थिति सामान्य है।


