मेनहोल में तारों में फंसा शिवा, अस्पताल में तोड़ा दम; ठेकेदार पर FIR और ब्लैकलिस्ट की कार्रवाई
नोएडा के थाना फेज-2 क्षेत्र में मंगलवार को सीवर की सफाई के दौरान एक सफाईकर्मी की दर्दनाक मौत हो गई

93बी सेक्टर और गेझा टी-पॉइंट पर हुआ हादसा, नोएडा प्राधिकरण ने संविदाकार के खिलाफ सख्त कार्रवाई के दिए आदेश
नोएडा। नोएडा के सेक्टर-93बी और ग्राम गेझा के समीप टी-पॉइंट पर मंगलवार को सीवर लाइन की सफाई के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। गहरी सीवर लाइन की सफाई कर रहे सफाईमित्र शिवा की रेस्क्यू के बाद अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद नोएडा प्राधिकरण ने संबंधित ठेकेदार के खिलाफ आपराधिक मुकदमा दर्ज कराने, उसे ब्लैकलिस्ट करने की प्रक्रिया शुरू करने और विभागीय अधिकारियों पर भी कार्रवाई के आदेश दिए हैं।
प्राधिकरण के अनुसार, जलखंड तृतीय के कार्यक्षेत्र में गहरी सीवर लाइन की सफाई का कार्य संविदाकार एम/एस शिवजी कंस्ट्रक्शंस कंपनी द्वारा कराया जा रहा था। सफाईमित्र शिवा सुरक्षा मानकों के तहत सेफ्टी बेल्ट, ऑक्सीजन मास्क और अन्य सुरक्षा उपकरण पहनकर मेनहोल में उतरे थे। उनका काम सीवर लाइन में हुई ब्लॉकेज को हटाना था।
मेनहोल के अंदर तारों में फंस गया सफाईमित्र
सफाई के दौरान जब काफी देर तक शिवा बाहर नहीं आए तो मौके पर मौजूद फील्ड स्टाफ ने उन्हें ऊपर खींचने का प्रयास किया। इसी दौरान पता चला कि वह मेनहोल के अंदर मौजूद तारों में फंस गए हैं। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फायर सर्विस की टीम मौके पर पहुंची और संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाकर उन्हें बाहर निकाला। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उपचार के दौरान मृत घोषित कर दिया।
नोएडा में सीवर सफाई के दौरान कर्मी की मौतकाफी देर तक नहीं आया बाहर, अस्पताल में कराया भर्ती, सुरक्षा मानकों की होगी जांच #Deshbandhunews #newshub #news #BreakingNews pic.twitter.com/l7OW9YJAZE
— Deshbandhu - (Daily Hindi Newspaper) (@NewsDeshbandhu) July 14, 2026
ठेकेदार पर FIR, ब्लैकलिस्ट की नोटिस
घटना को गंभीरता से लेते हुए नोएडा प्राधिकरण ने संबंधित संविदाकार के खिलाफ आपराधिक मुकदमा दर्ज कराने और उसे ब्लैकलिस्ट करने की नोटिस जारी करने का फैसला लिया है। इसके साथ ही संविदा पर तैनात अवर अभियंता राकेश कुमार की सेवा समाप्त करने, संबंधित प्रबंधक को प्रतिकूल प्रविष्टि देने तथा वरिष्ठ प्रबंधक को कारण बताओ नोटिस जारी करने की कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है।
परिवार को हरसंभव सहायता का आश्वासन
नोएडा प्राधिकरण ने कहा है कि मृतक सफाईमित्र शिवा के परिवार को नियमानुसार हर संभव आर्थिक और अन्य सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही पूरे मामले की जांच कर आगे की आवश्यक कार्रवाई भी की जाएगी।


