हाईटेंशन करंट की चपेट में आकर महिला की मौत
कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत मकान की छत पर काम करते समय एक महिला समीप से गुजर रही हाईटेंशन लाइन से करंट की चपेट में आ गई और छत से नीचे आ गिरी

रबूपुरा। कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत मकान की छत पर काम करते समय एक महिला समीप से गुजर रही हाईटेंशन लाइन से करंट की चपेट में आ गई और छत से नीचे आ गिरी। महिला की मौके पर ही मौत हो गई। जिससे गांव में हड़कंप मच गया। परिजनों ने बगैर पोस्टमार्टम कराए शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
आरोप है कि हाईटेंशन विधुत लाइन मकान से छूकर गुजर रही है। जिसे हटवाने के लिए कई बार सम्बंधित से गुहार लगाई गई लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई और विभागीय लापरवाही के चलते महिला की जान चली गई।
जानकारी अनुसार गांव चांदपुर निवासी मुकेश की पत्नी मुन्नी (55) शुक्रवार सुबह किसी काम से अपने मकान की छत पर गईं और अपने कार्य में व्यस्त होने के चलते छत के समीप से गुजर रही हाईटेंशन लाइन के करंट की चपेट में आकर छत से नीचे गिरकर गम्भीर रूप से घायल हो गई।
घटना से परिजनों में कोहराम मच गया और जब तक वह घायल को उपचार के ले जाते तब तक उसकी सांसे थम गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर कारवाई शुरू की लेकिन परिजनों व ग्रामीणों के अनुरोध बगैर पोस्टमार्टम कराए शव का अंतिम संस्कार करा दिया।
पुलिस का कहना है मामले में कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है।


