Top
Begin typing your search above and press return to search.

बिजनौर कोतवाली में दुष्कर्म पीड़िता ने खुद पर पेट्रोल डालकर लगाई आग, 60 फीसदी झुलसी; इंस्पेक्टर निलंबित

25 वर्षीय पीड़िता एमएससी तक शिक्षित है और रेसलिंग से भी जुड़ी रही है। उसका आरोप है कि चार वर्ष पहले उसकी दोस्ती बिजनौर निवासी सौरभ नामक युवक से हुई थी। बाद में सौरभ और उसका बड़ा भाई गौरव सेना में भर्ती हो गए।

बिजनौर कोतवाली में दुष्कर्म पीड़िता ने खुद पर पेट्रोल डालकर लगाई आग, 60 फीसदी झुलसी; इंस्पेक्टर निलंबित
X

बिजनौर: उत्तर प्रदेश के बिजनौर में शहर कोतवाली परिसर में रविवार देर रात एक दुष्कर्म पीड़िता ने खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली। आग की लपटों से घिरी महिला दर्द से चीखती हुई कार्यालय से बाहर भागी, जिससे कुछ देर के लिए कोतवाली परिसर में अफरातफरी मच गई। मौके पर मौजूद एक कांस्टेबल ने तत्काल कंबल डालकर आग बुझाई और अन्य पुलिसकर्मियों की मदद से उसे अस्पताल पहुंचाया। गंभीर रूप से झुलसी महिला को पहले बिजनौर मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां से हालत नाजुक होने पर मेरठ रेफर किया गया। सोमवार सुबह उसे दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के अनुसार, महिला करीब 60 प्रतिशत तक झुलस चुकी है और उसका ऊपरी हिस्सा बुरी तरह प्रभावित हुआ है।

शादी का झांसा देकर दुष्कर्म का आरोप

25 वर्षीय पीड़िता एमएससी तक शिक्षित है और रेसलिंग से भी जुड़ी रही है। उसका आरोप है कि चार वर्ष पहले उसकी दोस्ती बिजनौर निवासी सौरभ नामक युवक से हुई थी। बाद में सौरभ और उसका बड़ा भाई गौरव सेना में भर्ती हो गए। महिला का कहना है कि सौरभ ने शादी का वादा कर उससे संबंध बनाए, लेकिन बाद में विवाह से इनकार कर दिया। इसी को लेकर उसने युवक के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया था।

पहले भी दर्ज हो चुके हैं कई मुकदमे

महिला ने 15 जुलाई 2024 को सौरभ के खिलाफ मारपीट का मुकदमा दर्ज कराया था, जिसमें पुलिस ने अंतिम रिपोर्ट लगा दी थी। इसके बाद 13 अगस्त 2024 को उसने सौरभ और उसके तीन परिजनों के खिलाफ दुष्कर्म और धमकी का मुकदमा दर्ज कराया। इस मामले में भी पर्याप्त साक्ष्य न मिलने की बात कहते हुए पुलिस ने अंतिम रिपोर्ट लगा दी। नवंबर 2025 में महिला ने सौरभ के खिलाफ एक और दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया। इस मामले की जांच के बाद पुलिस ने मई 2026 में अदालत में आरोपपत्र दाखिल कर दिया। हालांकि, आरोपी सौरभ हाई कोर्ट से गिरफ्तारी पर स्थगन आदेश (स्टे) ले आया, जिसके कारण पुलिस उसे गिरफ्तार नहीं कर सकी।

दिन में थाने पहुंची, रात में फिर लौटी

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, रविवार दोपहर महिला अपनी मां के साथ शहर कोतवाली पहुंची थी। उसने आरोपी और उसके परिजनों को थाने बुलाकर कार्रवाई करने की मांग की। कोतवाली प्रभारी अमर सिंह राठौर ने दूसरे पक्ष को सोमवार सुबह बुलाने का आश्वासन दिया था। इसके बाद महिला वापस चली गई। रात करीब दस बजे वह दोबारा अपनी मां के साथ कोतवाली पहुंची और आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर हंगामा करने लगी। पुलिसकर्मियों ने उसे समझाने का प्रयास किया और बताया कि हाई कोर्ट के आदेश के कारण तत्काल गिरफ्तारी संभव नहीं है। कुछ देर बाद वह वहां से चली गई, लेकिन रात करीब 11 बजे फिर थाने पहुंची।

पेट्रोल डालकर खुद को लगाई आग

पुलिस के मुताबिक, महिला अपने साथ पेट्रोल लेकर आई थी। उसने इंस्पेक्टर कार्यालय के भीतर खुद पर पेट्रोल छिड़का और आग लगा ली। आग की लपटें कार्यालय के पर्दों तक पहुंच गईं। पुलिसकर्मियों ने तत्काल आग बुझाकर महिला को अस्पताल पहुंचाया। घटना के बाद पूरे थाने में हड़कंप मच गया। सीसीटीवी फुटेज की जांच में यह भी सामने आया है कि पेट्रोल की बोतल महिला के सौतेले पिता लेकर आए थे। पुलिस अब उनकी भूमिका की भी जांच कर रही है।

लापरवाही पर कोतवाल निलंबित

घटना के तुरंत बाद पुलिस अधीक्षक अभिषेक झा और एसपी सिटी डॉ. कृष्ण गोपाल सिंह मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। प्रथम दृष्टया लापरवाही मानते हुए एसपी ने शहर कोतवाली प्रभारी अमर सिंह राठौर को निलंबित कर दिया। देर शाम डीआईजी मुनिराज जी. ने भी घटना की समीक्षा की और अधिकारियों से रिपोर्ट तलब की।

पुलिस का पक्ष

एसपी अभिषेक झा ने बताया कि दुष्कर्म के मामले में पुलिस अदालत में चार्जशीट दाखिल कर चुकी है, लेकिन आरोपी को हाई कोर्ट से गिरफ्तारी पर स्टे मिला हुआ है। रविवार को पीड़िता की मांग पर आरोपी पक्ष से संपर्क किया गया था और सौरभ ने सोमवार को थाने आने का आश्वासन दिया था। उससे पहले ही महिला ने यह कदम उठा लिया।

पारिवारिक पृष्ठभूमि भी चर्चा में

स्थानीय लोगों के अनुसार, महिला के पिता होमगार्ड में थे और कई वर्ष पहले डीएम आवास पर हुए चर्चित गोलीकांड में उनकी मौत हो गई थी। पिता की मृत्यु के बाद उसकी मां ने दूसरी शादी कर ली थी। परिवार में उसका एक भाई भी है। फिलहाल महिला का इलाज दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में चल रहा है, जबकि पुलिस पूरे घटनाक्रम और सौतेले पिता की भूमिका की जांच में जुटी हुई है।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it