Top
Begin typing your search above and press return to search.

UP Crime: बुलंदशहर ट्रिपल मर्डर का मुख्य आरोपी जीतू सैनी मुठभेड़ में ढेर, दो पुलिसकर्मी भी घायल

पुलिस के अनुसार, गुरुवार सुबह जब टीम सिकंदरपुर गांव के पास संदिग्धों की तलाश में जुटी थी, तभी मुख्य आरोपी जीतू सैनी से आमना-सामना हो गया। खुद को घिरता देख उसने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें जीतू सैनी घायल हो गया।

UP Crime: बुलंदशहर ट्रिपल मर्डर का मुख्य आरोपी जीतू सैनी मुठभेड़ में ढेर, दो पुलिसकर्मी भी घायल
X

खुर्जा। Bulandshahr Triple Murder Case: उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले के खुर्जा में हुए चर्चित तिहरे हत्याकांड के मुख्य आरोपी और 50 हजार के इनामी जीतू सैनी की गुरुवार सुबह पुलिस मुठभेड़ के बाद मौत हो गई। यह मुठभेड़ सिकंदरपुर गांव के पास हुई, जहां पुलिस और आरोपी के बीच गोलीबारी हुई। इस दौरान जीतू सैनी को दो गोलियां लगीं और उसे गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। मुठभेड़ में स्वाट टीम प्रभारी समेत 2 पुलिस वालों को भी गोली लगी।

मुठभेड़ में घायल हुआ मुख्य आरोपी

पुलिस के अनुसार, गुरुवार सुबह जब टीम सिकंदरपुर गांव के पास संदिग्धों की तलाश में जुटी थी, तभी मुख्य आरोपी जीतू सैनी से आमना-सामना हो गया। खुद को घिरता देख उसने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें जीतू सैनी घायल हो गया। उसे तुरंत जटिया अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर किया गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

पुलिसकर्मी भी हुए जख्मी

इस मुठभेड़ में स्वाट टीम प्रभारी मोहम्मद असलम और सिपाही मोहित मलिक भी गोली लगने से घायल हो गए। दोनों को तत्काल जटिया अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। अधिकारियों के मुताबिक, दोनों की हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है।

पहले भी दो इनामी आरोपी हुए थे गिरफ्तार

इससे पहले पुलिस ने मंगलवार रात को तिहरे हत्याकांड के दो अन्य आरोपियों रिंकू सैनी उर्फ रिंकेश और भारत सैनी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया था। दोनों पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। कोतवाली पुलिस के साथ हुई इस मुठभेड़ में रिंकू के दाएं पैर और भारत के बाएं पैर में गोली लगी थी, जिसके बाद उन्हें पकड़ लिया गया।

बरामद हुए हथियार और अहम सबूत

पुलिस ने आरोपियों के पास से एक अवैध पिस्टल, एक तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं। साथ ही घटनास्थल के सीसीटीवी की डीबीआर भी बरामद की गई है, जिसे जांच के लिए सुरक्षित रखा गया है। यह डीबीआर केस के खुलासे में अहम भूमिका निभा सकती है। पुलिस का मानना है कि इससे घटना के पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में मदद मिलेगी।

जन्मदिन पार्टी में हुई थी तिहरी हत्या

सीओ खुर्जा शोभित कुमार ने बताया कि 25 अप्रैल की रात को सुभाष मार्ग स्थित एक जिम में जन्मदिन पार्टी के दौरान फायरिंग हुई थी। इस फायरिंग में तीन युवकों की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी और पुलिस पर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी का दबाव बढ़ गया था। मामले में शामिल कुछ आरोपी पहले भी जेल जा चुके हैं।

फरार आरोपियों की तलाश में दबिश

पुलिस अब इस मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। वांछित आरोपियों में रवि सैनी, मनीष, अनुज, सौरभ उर्फ सिंटू और सोनू शामिल हैं। इनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें बनाई गई हैं, जो अलग-अलग स्थानों पर दबिश दे रही हैं। दिल्ली-एनसीआर समेत हरियाणा के संभावित ठिकानों पर भी छापेमारी की जा रही है।

जिम नेटवर्क और संपर्कों की जांच

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मुख्य आरोपी जीतू सैनी के संपर्क में मेरठ और हरियाणा के कुछ जिम से जुड़े युवक भी थे। इसी के चलते पुलिस अब इन संपर्कों की भी गहन जांच कर रही है। संबंधित ठिकानों पर दबिश देकर जानकारी जुटाई जा रही है, ताकि फरार आरोपियों तक पहुंचा जा सके।

परिजनों से पूछताछ, जांच तेज

मामले की गहराई से जांच के लिए पुलिस ने कुछ आरोपियों के परिजनों को हिरासत में लेकर पूछताछ भी शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि हर एंगल से जांच की जा रही है और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस इस मामले को प्राथमिकता के आधार पर सुलझाने में जुटी है। खुर्जा जिम हत्याकांड ने क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े किए थे, लेकिन पुलिस की लगातार कार्रवाई से अब इस केस में तेजी से प्रगति हो रही है। मुख्य आरोपी की मौत और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी से पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा हो जाएगा।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it