Top
Begin typing your search above and press return to search.

नाव में रस्सी बांधते समय नदी में समाए दो युवक, तलाश में जुटी एसडीआरएफ-एनडीआरएफ की टीमें

यूसुफपुर चक गांव के पास शनिवार को नदी में दो युवकों के डूबने से हड़कंप मच गया। नाव में रस्सी बांधते समय अचानक संतुलन बिगड़ने से दोनों युवक गहरे पानी में गिर गए

नाव में रस्सी बांधते समय नदी में समाए दो युवक, तलाश में जुटी एसडीआरएफ-एनडीआरएफ की टीमें
X

ग्रेटर नोएडाl यूसुफपुर चक गांव के पास शनिवार को नदी में दो युवकों के डूबने से हड़कंप मच गया। नाव में रस्सी बांधते समय अचानक संतुलन बिगड़ने से दोनों युवक गहरे पानी में गिर गए। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दोनों की तलाश के लिए एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमों को भी बुलाया गया। देर शाम तक युवकों का कोई सुराग नहीं लग सका था।

पुलिस के अनुसार नदी में डूबने वाले युवकों की पहचान शिव राजपूत (19) निवासी हाजीपुर गांव, थाना स्याना, बुलंदशहर और सौरव (20) निवासी बिजलीपुर गांव, थाना खुर्जा, बुलंदशहर के रूप में हुई है। दोनों युवक वर्तमान में बिसरख कोतवाली क्षेत्र के यूसुफपुर चक गांव में रह रहे थे।

बताया गया कि शनिवार को दोनों युवक नाव में रस्सी बांधने का काम कर रहे थे। इसी दौरान किसी तरह दोनों का संतुलन बिगड़ गया और वे नदी में जा गिरे। पानी गहरा होने के कारण दोनों देखते ही देखते डूब गए। आसपास मौजूद लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी।

इसके बाद पुलिस और दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर तलाश शुरू की। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमों को भी बुलाया गया। गोताखोर नदी में उतरकर दोनों युवकों की तलाश कर रहे हैं। टीमों की ओर से नदी के अलग-अलग हिस्सों में तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।

हादसे के बाद मौके पर ग्रामीणों और स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस और प्रशासन के अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे और रेस्क्यू अभियान की निगरानी करते रहे। पुलिस मीडिया सेल के मुताबिक दोनों युवकों की तलाश लगातार जारी है।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it