Top
Begin typing your search above and press return to search.

मोबाइल छीनने वाले दो बदमाश पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, चोरी के गहने भी बरामद

ग्रेटर नोएडा। दादरी कोतवाली पुलिस ने मोबाइल छीनने की घटना का खुलासा करते हुए पुलिस मुठभेड़ के बाद दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से छीना गया मोबाइल फोन, अवैध हथियार, वारदात में इस्तेमाल की गई कार और चोरी के गहने बरामद किए हैं।

एडसीपी संतोष कुमार मिश्रा ने बताया की एक व्यक्ति ने दादरी कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी कि इग्निस कार में सवार कुछ बदमाश उसका मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गए। शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और आरोपियों की तलाश के लिए टीम गठित की।

जांच के दौरान पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और मुखबिर की सूचना के आधार पर घोड़ीबछेड़ा से रामगढ़ अंडरपास की ओर जाने वाले कच्चे रास्ते पर संदिग्ध कार को रोकने का प्रयास किया। इस दौरान बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें करन नागर के पैर में गोली लग गई और वह घायल हो गया। उसका साथी मुकुल मौके से भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर उसे भी पकड़ लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान करन नागर (23 वर्ष) निवासी रोजा जलालपुर, वर्तमान पता ओमीक्रोन-2 और मुकुल (24 वर्ष) निवासी राजतपुर, वर्तमान पता ओमीक्रोन-2 के रूप में हुई है।

पुलिस ने करन के पास से एक देशी तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया। वहीं मुकुल के पास से एक अवैध चाकू मिला।

इसके अलावा दोनों आरोपियों के कब्जे से छीना गया मोबाइल फोन, वारदात में इस्तेमाल की गई इग्निस कार और ज्यू-1 क्षेत्र के एक घर से चोरी किए गए दो जोड़ी पायल और दो जोड़ी बिछिया भी बरामद हुई हैं।

घायल करन नागर को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस दोनों आरोपियों के आपराधिक इतिहास और उनसे जुड़ी अन्य घटनाओं की भी जांच कर रही है।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it