नोएडा में दर्दनाक सड़क हादसा: SUV की टक्कर से 23 वर्षीय सॉफ्टवेयर इंजीनियर की मौत, आरोपी चालक गिरफ्तार
सेक्टर-99 तिराहे के पास शनिवार दोपहर हुए भीषण सड़क हादसे में 23 वर्षीय सॉफ्टवेयर इंजीनियर अर्नव कटारिया की मौत हो गई। तेज रफ्तार एसयूवी की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्पोर्ट्स बाइक का अगला पहिया टूटकर अलग हो गया

नोएडा। सेक्टर-99 तिराहे के पास शनिवार दोपहर हुए भीषण सड़क हादसे में 23 वर्षीय सॉफ्टवेयर इंजीनियर अर्नव कटारिया की मौत हो गई। तेज रफ्तार एसयूवी की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्पोर्ट्स बाइक का अगला पहिया टूटकर अलग हो गया, जबकि एसयूवी का बोनट भी खुल गया। गंभीर रूप से घायल अर्नव को राहगीरों ने तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार, अर्नव कटारिया शनिवार दोपहर करीब एक बजे अपनी स्पोर्ट्स बाइक से सेक्टर-99 से सेक्टर-49 की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सेक्टर-99 तिराहे पर ग्रैंड विटारा कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
अर्नव की मां डॉ. शालिनी वर्मा दोपहर करीब तीन बजे अस्पताल पहुंचीं, लेकिन तब तक बेटे की मौत हो चुकी थी। अर्नव के पिता पंकज कटारिया एक बहुराष्ट्रीय मार्केटिंग कंपनी में कार्यरत हैं। बीटेक की पढ़ाई पूरी करने के बाद अर्नव एक निजी कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के पद पर कार्यरत थे।
मृतक की मां ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि बेटे की गंभीर हालत देखकर कार चालक अस्पताल से फरार हो गया। शिकायत के आधार पर थाना सेक्टर-39 पुलिस ने आरोपी चालक अट्टा निवासी जय किशन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ग्रैंड विटारा कार को भी जब्त कर लिया है।
थाना प्रभारी सेक्टर-39 डी.पी. शुक्ला ने बताया कि आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। हादसे के कारणों की भी जांच की जा रही है।


