Top
Begin typing your search above and press return to search.

नारी शक्ति के अपमान का जवाब 2029 में, कांग्रेस-सपा का होगा सूपड़ा साफ: केशव प्रसाद मौर्य

उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने प्रयागराज में आयोजित ‘नारी शक्ति संवाद’ कार्यक्रम में कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर हमला बोलते हुए कहा कि नारी शक्ति के अपमान का जवाब देश की मातृशक्ति 2027 और 2029 में देगी और विपक्ष का सूपड़ा साफ हो जाएगा

नारी शक्ति के अपमान का जवाब 2029 में, कांग्रेस-सपा का होगा सूपड़ा साफ: केशव प्रसाद मौर्य
X

प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने शुक्रवार को प्रयागराज में आयोजित ‘नारी शक्ति संवाद’ कार्यक्रम में कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर हमला बोलते हुए कहा कि नारी शक्ति के अपमान का जवाब देश की मातृशक्ति 2027 और 2029 में देगी और विपक्ष का सूपड़ा साफ हो जाएगा।

केशव प्रसाद मौर्य ने जिला पंचायत सभागार में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ‘नारी शक्ति वंदना अधिनियम’ को ऐतिहासिक कदम बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देकर उनके सशक्तिकरण की दिशा में बड़ा कार्य किया गया है। उन्होंने कहा कि इस कानून का विरोध करने वाले दल देश की आधी आबादी के आशीर्वाद से वंचित रह जाएंगे।

उप मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस और सपा 'झूठ फैलाने की मशीन' बन चुकी हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जिन लोगों ने आपातकाल लगाकर लोकतंत्र और संविधान को कमजोर किया, वे आज नैतिकता का पाठ पढ़ाने का प्रयास कर रहे हैं, जबकि भाजपा बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर के विचारों पर चलकर संविधान की रक्षा कर रही है।

मौर्य ने भारतीय नारी शक्ति की महिमा का उल्लेख करते हुए कहा कि देश की महिलाएं इतनी सशक्त हैं कि वे विपरीत परिस्थितियों में भी संघर्ष कर विजय हासिल कर सकती हैं। उन्होंने रानी लक्ष्मीबाई का उदाहरण देते हुए कहा कि नारी शक्ति अन्याय का जवाब देना भली-भांति जानती है।

उन्होंने राहुल गांधी और अखिलेश यादव पर कटाक्ष करते हुए कहा कि यदि कोई इस कानून में बाधा डालने का प्रयास करेगा तो उसे राजनीतिक रूप से नुकसान उठाना पड़ेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि आरक्षण के मुद्दे पर विपक्ष संविधान के विरुद्ध राजनीति कर रहा है, जबकि भाजपा ‘सबका साथ, सबका विकास’ के सिद्धांत पर काम कर रही है।

कार्यक्रम के दौरान मौर्य ने विभिन्न सामाजिक क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया और बच्चियों को उपहार वितरित किए। उन्होंने कहा कि महिलाओं का सम्मान और सशक्तिकरण ही विकसित भारत की नींव है। उप मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि जिस प्रकार अन्याय के खिलाफ ऐतिहासिक रूप से निर्णायक संघर्ष हुए हैं, उसी तरह नारी विरोधी राजनीति करने वाले दलों को जनता आने वाले समय में पूरी तरह नकार देगी।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it