Top
Begin typing your search above and press return to search.

हॉस्टल के बंद कमरे में मिला छात्र का शव, सुसाइड नोट नहीं मिलने से बढ़ा रहस्य

ग्रेटर नोएडा स्तिथ नॉलेज पार्क कोतवाली क्षेत्र में हॉस्टल के कमरे में गलगोटिया विश्वविद्यालय के बीसीए प्रथम वर्ष के छात्र का शव फंदे से लटका मिला

हॉस्टल के बंद कमरे में मिला छात्र का शव, सुसाइड नोट नहीं मिलने से बढ़ा रहस्य
X

ग्रेटर नोएडा में छात्र की मौत से सनसनी, दरवाजा तोड़कर अंदर पहुंची पुलिस

  • खिड़की से दिखा दिल दहला देने वाला मंजर, हॉस्टल में फंदे से लटका मिला छात्र
  • आखिर छात्र ने क्यों उठाया यह कदम? मोबाइल और लैपटॉप में तलाशे जा रहे जवाब

ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा स्तिथ नॉलेज पार्क कोतवाली क्षेत्र में हॉस्टल के कमरे में गलगोटिया विश्वविद्यालय के बीसीए प्रथम वर्ष के छात्र का शव फंदे से लटका मिला। बृहस्पतिवार को हुई घटना के समय छात्र का रूम पार्टनर किसी काम से बाहर गया हुआ था। वापस लौटने पर कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला। कई बार आवाज देने के बाद भी दरवाजा नहीं खुला तो उसने खिड़की से अंदर झांका। वहां पंखे से फंदे के सहारे छात्र का शव लटका देखकर उसके होश उड़ गए।

हॉस्टल संचालक की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव को नीचे उतारा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस ने छात्र का मोबाइल और लैपटॉप कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक मृतक की पहचान निशांत शाक्य (21) के रूप में हुई है। वह मूल रूप से कन्नौज जिले के सौरिख क्षेत्र का रहने वाला था और गलगोटिया विश्वविद्यालय से बीसीए प्रथम वर्ष की पढ़ाई कर रहा था। निशांत नॉलेज पार्क क्षेत्र स्थित एक हॉस्टल में अपने रूम पार्टनर के साथ रहता था। बृहस्पतिवार सुबह उसका रूम पार्टनर किसी काम से बाहर गया था। कुछ देर बाद जब वह वापस लौटा तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला। पुलिस का कहना है कि रूम पार्टनर ने दरवाजा खुलवाने के लिए कई बार आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद उसने खिड़की से कमरे के भीतर देखा तो निशांत पंखे से लटका हुआ दिखाई दिया। घटना की जानकारी हॉस्टल संचालक को दी गई। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने कमरे का दरवाजा तोड़कर शव को नीचे उतारा और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

घटना की जांच के लिए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं होने के कारण आत्महत्या के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है।

नॉलेज पार्क थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला फंदा लगाकर आत्महत्या करने का प्रतीत हो रहा है। छात्र के परिजन को सूचना दे दी गई है। उनके आने के बाद पूछताछ कर आवश्यक जानकारी जुटाई जाएगी। पुलिस छात्र के मोबाइल और लैपटॉप की भी जांच करेगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजन से मिली जानकारी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it