सोसाइटी के सुरक्षा कर्मियों ने दिखाई मुस्तैदी, पुलिस से भागे वांछित को दबोचा
पूर्वांचल रॉयल सिटी सोसाइटी के सुरक्षा कर्मियों की सतर्कता से अलीगढ़ पुलिस के हाथ एक वांछित बदमाश लग गया

ग्रेटर नोएडा। पूर्वांचल रॉयल सिटी सोसाइटी के सुरक्षा कर्मियों की सतर्कता से अलीगढ़ पुलिस के हाथ एक वांछित बदमाश लग गया। पुलिस को देखकर भागा आरोपी सोसाइटी में छिपने का प्रयास कर रहा था, लेकिन सुरक्षाकर्मियों ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
अलीगढ़ के गोंडा थाना क्षेत्र में डिलीवरी बॉय के खिलाफ मारपीट और छिनैती का मुकदमा दर्ज है। आरोपी लंबे समय से पुलिस की पकड़ से दूर चल रहा था। अलीगढ़ पुलिस को सूचना मिली थी कि वह ग्रेटर नोएडा में रहकर डिलीवरी का काम कर रहा है। इसके बाद पुलिस टीम मंगलवार शाम उसे पकड़ने के लिए ग्रेटर नोएडा पहुंची।
पुलिस को देखते ही आरोपी भागकर पूर्वांचल रॉयल सिटी सोसाइटी में घुस गया। पुलिसकर्मियों ने उसका पीछा करते हुए शोर मचाया, जिसके बाद सोसाइटी के सुरक्षा कर्मी सक्रिय हो गए। सुरक्षाकर्मियों ने मिलकर आरोपी की घेराबंदी की और उसे पकड़ लिया।
पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें सुरक्षा कर्मी आरोपी को पकड़ते हुए नजर आ रहे हैं। बाद में अलीगढ़ पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर अपने साथ ले गई। सोसाइटी प्रबंधन ने सुरक्षा कर्मियों की तत्परता की सराहना की है।


