Top
Begin typing your search above and press return to search.

हत्या से एक घंटे पहले पोस्ट की थी ‘मर्डर’ वाली रील, जिम के बाहर हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की गोली मारकर हत्या

अंकित बालियान हरियाणवी संगीत जगत में अपने अलग अंदाज और गन कल्चर से जुड़े गानों के कारण चर्चित हुए थे। उनका ‘भरी कोर्ट में गोली मारेंगे’ नाम से गाना 15 फरवरी 2023 को रिलीज हुआ था, जिस पर बाद में प्रतिबंध लगाए जाने की जानकारी सामने आई थी।

हत्या से एक घंटे पहले पोस्ट की थी ‘मर्डर’ वाली रील, जिम के बाहर हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की गोली मारकर हत्या
X

शामली: Ankit Baliyan Murder: हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की सरेआम हत्या के बाद इलाके में तनाव और आक्रोश का माहौल है। बुधवार शाम जिम से बाहर निकलते ही बाइक सवार हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। करीब दो मिनट तक चली गोलीबारी में अंकित गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस अब हत्या की वजह और हमलावरों की पहचान के लिए कई बिंदुओं पर जांच कर रही है।

हत्या से करीब एक घंटे पहले पोस्ट की थी रील

अंकित बालियान की हत्या के बाद उनकी एक इंस्टाग्राम रील चर्चा में आ गई है। बताया जा रहा है कि उन्होंने हत्या से करीब एक घंटे पहले शाम छह बजे यह वीडियो अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर पोस्ट किया था। इसमें वह कार में बैठे नजर आ रहे हैं और एक गाने की पंक्तियां गा रहे हैं, जिसमें सड़क पर हत्या का जिक्र है। बताया जा रहा है कि यह रील उन्होंने जिम जाने से पहले बनाई थी और बाद में जिम में रहते हुए सोशल मीडिया पर पोस्ट की। खास बात यह है कि वारदात के वक्त अंकित ने वही टी-शर्ट पहन रखी थी, जो रील में नजर आ रही थी।

गन कल्चर वाले गानों से बनाई पहचान

अंकित बालियान हरियाणवी संगीत जगत में अपने अलग अंदाज और गन कल्चर से जुड़े गानों के कारण चर्चित हुए थे। उनका ‘भरी कोर्ट में गोली मारेंगे’ नाम से गाना 15 फरवरी 2023 को रिलीज हुआ था, जिस पर बाद में प्रतिबंध लगाए जाने की जानकारी सामने आई थी। साल 2023 में शामली में उनके रोड शो की भी चर्चा हुई थी। सोशल मीडिया पर उनकी लोकप्रियता बढ़ने के साथ ही वह स्थानीय स्तर पर भी जाना-पहचाना चेहरा बन गए थे।

जिम से बाहर निकलते ही बरसने लगीं गोलियां

पुलिस के मुताबिक, बंतीखेड़ा निवासी 35 वर्षीय अंकित बुधवार दोपहर करीब साढ़े चार बजे मसल्स जिम पहुंचे थे। शाम करीब 6:48 बजे वह जिम से बाहर निकले और अपनी स्कॉर्पियो में बैठने जा रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार चार हमलावरों ने उन पर फायरिंग शुरू कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावरों ने करीब दो मिनट तक गोलियां चलाईं। इस दौरान अंकित की गाड़ी को भी निशाना बनाया गया। गोलीबारी के बाद आरोपी मौके से भाग निकले। घटनास्थल से खोखे और अंकित का मोबाइल फोन भी मिला है।

जिम में मौजूद पुलिसकर्मी पहुंचे मदद के लिए

घटना के समय जिम के अंदर कुछ पुलिसकर्मी भी मौजूद थे। गोली चलने की आवाज सुनकर वे बाहर पहुंचे और घायल अंकित को तत्काल सीएचसी ले गए। हालांकि, डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वारदात के बाद अंकित के परिजनों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। लोगों ने वर्मा मार्केट के पास सड़क पर जाम लगा दिया। स्थिति को देखते हुए पुलिस को यातायात का रूट डायवर्ट करना पड़ा। पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझाकर जाम खुलवाया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

मां बोली, हत्यारोपियों का एनकाउंटर किया जाए

पुलिस जब अंकित के शव को पोस्टमार्टम हाउस ले जा रही थी, तभी परिजन और ग्रामीण पहुंच गए। इन्होंने पुलिस से शव छीन लिया। परिजनों और ग्रामीणों ने वीवी इंटर कॉलेज रोड पर वर्मा मार्किट के बाहर सड़क पर शव रखकर जाम लगाकर हंगामा कर दिया। अंकित की मां बेटे का सिर अपने गोद में लेकर बैठ गईं। उन्होंने मांग की कि हत्यारोपियों का एनकाउंटर किया जाए। एसपी एनपी सिंह व एएसपी सुमित शुक्ला ने पहुंचकर परिजनों व ग्रामीणों को समझाया। देर रात करीब 12 बजे परिजनों और ग्रामीणों ने जाम खोला।

चुनावी रंजिश समेत कई एंगल से जांच

अंकित बालियान की हत्या के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस चुनावी रंजिश, स्थानीय विवाद और हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री से जुड़े संभावित विवादों समेत कई पहलुओं की जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि अंकित जिला पंचायत चुनाव की तैयारी भी कर रहे थे। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर हमलावरों की पहचान करने की कोशिश कर रही है। साथ ही मृतक के संपर्कों और हाल के विवादों की भी जानकारी जुटाई जा रही है।

पांच टीमों का गठन

शामली के पुलिस अधीक्षक एनपी सिंह के मुताबिक, मामले की जांच के लिए एएसपी के नेतृत्व में पांच टीमों का गठन किया गया है। पुलिस सभी संभावित कारणों की जांच कर रही है और जल्द ही घटना का खुलासा करने की बात कही गई है।

परिवार में पीछे छोड़ गए माता-पिता और पत्नी

अंकित बालियान शामली के बंतीखेड़ा गांव के रहने वाले थे। वह कुछ समय तक हरियाणा के सोनीपत में रहे, लेकिन पिछले कई महीनों से अपने परिवार के साथ गांव में रह रहे थे। उनके पिता सतबीर सेवानिवृत्त फौजी हैं और मां अमरेश गृहिणी हैं। अंकित दो भाइयों में बड़े थे। उनके छोटे भाई का नाम विक्की है। अंकित विवाहित थे, लेकिन उनके कोई बच्चे नहीं थे। फिलहाल पुलिस की जांच इस बात पर केंद्रित है कि हत्या की साजिश किसने रची, हमलावर कौन थे और वारदात के पीछे वास्तविक वजह क्या थी।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it