Top
Begin typing your search above and press return to search.

प्रतापगढ़ में खौफनाक वारदात: नशे में धुत पति ने धारदार हथियार से की पत्नी की बेरहमी से हत्या, इलाके में सनसनी

उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां फतनपुर थाना इलाके के पटहटिया कला गांव में संदिग्ध परिस्थितियों में महिला मंजू यादव की मौत हो गई। महिला की मौत के बाद पति अजय यादव ने ही पुलिस को सूचना दी।

प्रतापगढ़ में खौफनाक वारदात: नशे में धुत पति ने धारदार हथियार से की पत्नी की बेरहमी से हत्या, इलाके में सनसनी
X

प्रतापगढ़। उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां फतनपुर थाना इलाके के पटहटिया कला गांव में संदिग्ध परिस्थितियों में महिला मंजू यादव की मौत हो गई। महिला की मौत के बाद पति अजय यादव ने ही पुलिस को सूचना दी।

सूचना पर पहुंची पुलिस जब जांच में जुटी तो सच्चाई कुछ और ही निकली। जांच में पता चला कि मंजू को मौत के घाट उतारने वाला कोई और नहीं बल्कि उसका पति अजय यादव ही है।

बताया जा रहा है कि शुक्रवार देर रात शराब पीने के बाद पति-पत्नी के बीच विवाद हो गया था। शराब की लत को लेकर दोनों में अक्सर कहासुनी होती थी। रात में भी इसी बात को लेकर झगड़ा बढ़ गया और गुस्से में आकर पति ने खौफनाक कदम उठा लिया। उसने अपनी पत्नी मंजू के सिर पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। महिला की मौत के बाद गांव में हड़कंप मच गया और मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।

इस मामले पर एएसपी आलोक कुमार ने बताया, "थाना फतनपुर पर शनिवार सुबह 4 बजे सूचना प्राप्त हुई कि अज्ञात व्यक्ति द्वारा अजय यादव की पत्नी मंजू की हत्या कर दी गई है। पुलिस टीम द्वारा तत्काल मौके का मुआयना किया गया। प्रारंभिक पूछताछ में यह तथ्य प्रकाश में आया है कि मृतका का पति अजय यादव शराब पीने का आदी था। उसी को लेकर बीते रात उन दोनों में कहा-सुनी हुई, इसके बाद अजय द्वारा मंजू यादव की हत्या कर दी गई। इस प्रकरण से संबंधित अभियुक्त को हिरासत में लिया गया है, जिसने घटना में संलिप्तता स्वीकार की है। प्रकरण में आगे की जांच की जा रही है।"

पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में ले लिया है और उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।



Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it