रबूपुरा में फायरिंग से हड़कंप, मामूली विवाद ने लिया हिंसक रूप, दो घायल
कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत बीती रात दो पक्षों के बीच मामूली विवाद को लेकर मारपीट हो गई

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, आरोपियों की तलाश जारी, गांव में तैनात बल
रबूपुरा। कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत बीती रात दो पक्षों के बीच मामूली विवाद को लेकर मारपीट हो गई। बताया जाता है इस दौरान एक पक्ष की तरफ से कई राउंड फायरिंग की गई। जिससे गांव में हड़कंप मच गया। गोली लगने से दो लोग घायल हो गए।
घायलों को ग्रेनो के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उधर पुलिस का कहना है मौके पर पुलिस बल तैनात है तथा शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कारवाई की जा रही है। पुलिस अनुसार गांव मुरादगढ़ी में बीती रात बच्चों के बीच हुए विवाद के बाद मारपीट हो गई थी।
जिसमें एक पक्ष की तरफ से कई राउंड फायरिंग की गई। घटना में गोली लगने से मनीष पुत्र सतीश व हीरी पुत्र कांचा घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भेज दिया गया है। बताया जाता है सूचना पाकर पुलिस बल मौके पर पहुंचा लेकिन तब तक अभियुक्त फरार हो चुके थे।
पुलिस का कहना है घायल हीरी के पुत्र विक्की की शिकायत पर बंटी, दीपक, बबलू व अक्की के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर अभियुक्तों की तलाश की जा रही है।


