Top
Begin typing your search above and press return to search.

'राजनीति एआई और एसी कमरों से नहीं होती': अखिलेश यादव पर ओपी राजभर का तंज, सपा का नाम 'एआई-वादी' रखने की सलाह

उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर एआई वीडियो को लेकर निशाना साधा है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अगर अखिलेश यादव को एआई का इतना ही शौक है तो उन्हें अपनी पार्टी का नाम ‘समाजवादी’ से बदलकर ‘एआई-वादी’ रख लेना चाहिए।

राजनीति एआई और एसी कमरों से नहीं होती: अखिलेश यादव पर ओपी राजभर का तंज, सपा का नाम एआई-वादी रखने की सलाह
X

लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर एआई वीडियो को लेकर निशाना साधा है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अगर अखिलेश यादव को एआई का इतना ही शौक है तो उन्हें अपनी पार्टी का नाम ‘समाजवादी’ से बदलकर ‘एआई-वादी’ रख लेना चाहिए।

राजभर ने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव जमीन पर उतरकर जनता के बीच जाने के बजाय एआई वीडियो और सोशल मीडिया के जरिए राजनीति कर रहे हैं। राजभर ने सोशल मीडिया पर अखिलेश यादव को संबोधित करते हुए लिखा कि ऐसा लगता है कि सैफई महोत्सव नहीं मना पाने के मलाल में वह महोत्सव का शौक एआई के जरिए पूरा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिस समाजवादी पार्टी की स्थापना अखिलेश यादव के पिता और पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव ने समाजवादी विचारकों के सिद्धांतों पर की थी, उसे अखिलेश ने एआई वाली ‘नौटंकी’ बनाकर रख दिया है।

उन्होंने कहा कि सच्चे समाजवादी यह देखकर निराश होंगे कि मुलायम सिंह यादव के बेटे एसी कमरे में बैठकर एआई वीडियो बना रहे हैं। उन्होंने अंग्रेजी गानों पर वीडियो बनाने को लेकर भी अखिलेश यादव पर तंज कसा। राजभर ने कहा कि राजनीति गांव, गरीब और किसान के बीच जाकर तथा पसीना बहाकर होती है, मोबाइल की स्क्रीन पर नाच-गाने और एआई रील बनाने से नहीं। उन्होंने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव पिछले 10 वर्षों से सत्ता से बाहर हैं और इस दौरान उनके पास प्रदेश के गांवों में जाकर लोगों से मिलने का पर्याप्त अवसर था लेकिन उन्होंने इसका इस्तेमाल नहीं किया।

उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव चाहते तो हर दिन प्रदेश के किसी एक गांव में जाकर लोगों से मिल सकते थे। राजभर ने आरोप लगाया कि अखिलेश ने इसके बजाय एसी कमरों और सोशल मीडिया पर समय बिताया। उन्होंने यह भी कहा कि अब जनता के बीच जाने के बजाय एआई वीडियो के जरिए अपने समर्थकों का मन बहलाया जा रहा है।

सुभासपा अध्यक्ष ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश के गैर-यादव पिछड़े और बहुजन समाज के लोग अब अखिलेश यादव के झांसे में नहीं आने वाले हैं। उन्होंने कहा कि अति पिछड़े और बहुजन समाज को ऐसा नेता नहीं चाहिए, जो खेत-खलिहान छोड़कर इंटरनेट पर वीडियो बनाने में लगा रहे। राजभर ने अपने पोस्ट में 2027 के विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए अखिलेश यादव की एआई वीडियो वाली राजनीति पर भी तंज कसा।



Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it