Top
Begin typing your search above and press return to search.

त्योहारों को लेकर नोएडा पुलिस अलर्ट, संवेदनशील इलाकों में बढ़ेगी गश्त; सोशल मीडिया पर रहेगी नजर

आगामी त्योहारों के मद्देनजर गौतमबुद्धनगर कमिश्नरेट पुलिस ने कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं। पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में डीसीपी सेंट्रल नोएडा डॉ. प्रवीन रंजन सिंह ने वरिष्ठ अधिकारियों, थाना प्रभारियों और चौकी प्रभारियों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक की। बैठक में त्योहारों के दौरान शांति एवं सौहार्द बनाए रखने, संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त सतर्कता बरतने और अपराध नियंत्रण को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

त्योहारों को लेकर नोएडा पुलिस अलर्ट, संवेदनशील इलाकों में बढ़ेगी गश्त; सोशल मीडिया पर रहेगी नजर
X

ग्रेटर नोएडा। आगामी त्योहारों के मद्देनजर गौतमबुद्धनगर कमिश्नरेट पुलिस ने कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं। पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में डीसीपी सेंट्रल नोएडा डॉ. प्रवीन रंजन सिंह ने वरिष्ठ अधिकारियों, थाना प्रभारियों और चौकी प्रभारियों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक की। बैठक में त्योहारों के दौरान शांति एवं सौहार्द बनाए रखने, संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त सतर्कता बरतने और अपराध नियंत्रण को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में एडीसीपी सेंट्रल नोएडा स्वतंत्र कुमार सिंह, एसीपी प्रथम सेंट्रल नोएडा दीक्षा सिंह, एसीपी द्वितीय कमलेश कांत और एसीपी तृतीय राजीव कुमार सहित थाना फेस-2, फेस-3, बिसरख, सेक्टर-63, सूरजपुर, इकोटेक-3, सेक्टर-142 और बादलपुर के थाना प्रभारी तथा संबंधित चौकी प्रभारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की कानून-व्यवस्था, अपराध की स्थिति और पुलिस की कार्यप्रणाली की समीक्षा की। डीसीपी ने निर्देश दिए कि आगामी त्योहारों के दौरान प्रमुख धार्मिक स्थलों, बाजारों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाए।

संवेदनशील इलाकों में पुलिस की सक्रिय उपस्थिति सुनिश्चित करने के साथ पैदल गश्त और पेट्रोलिंग बढ़ाने पर जोर दिया गया। अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमण करने और स्थानीय लोगों से संपर्क बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली पोस्ट, संदेशों और अन्य गतिविधियों की सतत निगरानी करने को कहा गया, ताकि किसी भी भ्रामक सूचना या आपत्तिजनक सामग्री के कारण क्षेत्र में तनाव की स्थिति उत्पन्न न हो। पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि किसी भी अप्रिय घटना की आशंका होने पर समय रहते प्रभावी निवारक कार्रवाई की जाए। समीक्षा बैठक के दौरान अपराध नियंत्रण और लंबित मामलों के निस्तारण को लेकर भी विस्तार से चर्चा हुई।

डीसीपी ने प्रत्येक थाना और चौकी की कार्यप्रणाली का चौकीवार मूल्यांकन करते हुए अधिकारियों को अपराधों का शीघ्र खुलासा करने के निर्देश दिए। वांछित और वारंटी अभियुक्तों की गिरफ्तारी में तेजी लाने, संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की नियमित जांच करने तथा रात के समय गश्त को प्रभावी बनाने पर विशेष जोर दिया गया। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मी अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहकर अपराधियों पर नजर रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करें। इसके साथ ही महिला सुरक्षा से जुड़े मामलों और जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में शासन की प्राथमिकता वाले मामलों की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को आईजीआरएस के माध्यम से प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा गया। डीसीपी ने यक्ष ऐप के प्रभावी इस्तेमाल के साथ ई-साक्ष्य और ई-समन प्रणालियों के माध्यम से डिजिटल पुलिसिंग को गति देने के निर्देश दिए। सभी अभियानों की नियमित निगरानी करने और उनकी प्रगति की समीक्षा करने पर भी जोर दिया गया।

बैठक में सेंट्रल नोएडा क्षेत्र में निवास कर रहे नाइजीरियाई नागरिकों के सत्यापन का मुद्दा भी उठाया गया। संबंधित अधिकारियों को उनके अभिलेखों का अद्यतन सत्यापन करने और आवश्यकतानुसार नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसका उद्देश्य क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ निर्धारित नियमों के अनुपालन की निगरानी करना है।

डीसीपी डॉ. प्रवीन रंजन सिंह ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में जिम्मेदारी के साथ सक्रिय रहें, आम लोगों के साथ संवाद बढ़ाएं और पुलिस की त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। पुलिस का प्रयास है कि अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण रखते हुए नागरिकों को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराया जाए और सभी त्योहार शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हों।



Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it