Top
Begin typing your search above and press return to search.

नोएडा के एलिवेटेड रोड पर 10 फीट गहरा गड्ढा, करोड़ों की लागत से बने मार्ग की सुरक्षा पर उठे सवाल

शहर के सबसे महत्वपूर्ण मार्गों में शामिल सेक्टर-61 से सेक्टर-18 के बीच बने एलिवेटेड रोड पर मंगलवार को अचानक सड़क धंसने से हड़कंप मच गया। करोड़ों रुपये की लागत से तैयार किए गए इस एलिवेटेड रोड के एक हिस्से में करीब 10 फीट तक सड़क धंस गई।

नोएडा के एलिवेटेड रोड पर 10 फीट गहरा गड्ढा, करोड़ों की लागत से बने मार्ग की सुरक्षा पर उठे सवाल
X

नोएडा। शहर के सबसे महत्वपूर्ण मार्गों में शामिल सेक्टर-61 से सेक्टर-18 के बीच बने एलिवेटेड रोड पर मंगलवार को अचानक सड़क धंसने से हड़कंप मच गया। करोड़ों रुपये की लागत से तैयार किए गए इस एलिवेटेड रोड के एक हिस्से में करीब 10 फीट तक सड़क धंस गई।

सड़क धंसने से मौके पर करीब 20 फीट चौड़ा और लगभग 10 फीट गहरा गड्ढा बन गया। गनीमत रही कि घटना के समय कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ और किसी वाहन के गड्ढे में गिरने की सूचना सामने नहीं आई।

घटना की जानकारी मिलते ही संबंधित अधिकारियों को इसकी सूचना दी गई। इसके बाद मौके पर पहुंची टीम ने स्थिति का जायजा लिया। नोएडा अथॉरिटी के अधिकारियों का कहना है कि सड़क धंसने की घटना की जांच कराई जा रही है। जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि सड़क धंसने के पीछे वास्तविक कारण क्या रहा।

अधिकारियों के मुताबिक तकनीकी पहलुओं की भी जांच की जाएगी, ताकि घटना के कारणों का पता लगाया जा सके और भविष्य में इस तरह की समस्या दोबारा सामने न आए। सेक्टर-61 से सेक्टर-18 के बीच बना यह एलिवेटेड रोड नोएडा की यातायात व्यवस्था के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है।

करीब पांच किलोमीटर लंबे इस एलिवेटेड रोड से रोजाना बड़ी संख्या में वाहन गुजरते हैं। यह मार्ग नोएडा के अलग-अलग सेक्टरों को जोड़ने के साथ ही गाजियाबाद, ग्रेटर नोएडा वेस्ट, 7एक्स सेक्टर की सोसाइटियों और दिल्ली की ओर जाने वाले डीएनडी मार्ग के बीच महत्वपूर्ण कड़ी का काम करता है। ऐसे में एलिवेटेड रोड पर अचानक सड़क धंसने की घटना ने इसकी सुरक्षा और निर्माण की गुणवत्ता को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

खासतौर पर उस समय जब इस मार्ग पर दिनभर भारी यातायात रहता है। यदि सड़क धंसने के दौरान कोई वाहन वहां से गुजर रहा होता तो बड़ा हादसा हो सकता था। घटना के बाद लोगों में भी एलिवेटेड रोड की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।

एलिवेटेड रोड जैसी महत्वपूर्ण और व्यस्त सड़क पर इतनी बड़ी मात्रा में सड़क धंसने की घटना ने नोएडा अथॉरिटी की कार्यप्रणाली पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।

लोगों का कहना है कि करोड़ों रुपये की लागत से तैयार किए गए महत्वपूर्ण मार्गों की नियमित रूप से तकनीकी जांच और निगरानी होनी चाहिए, ताकि किसी भी तरह की खामी का समय रहते पता लगाया जा सके। स्थानीय लोगों और वाहन चालकों का कहना है कि एलिवेटेड रोड पर रोजाना लाखों की संख्या में वाहनों की आवाजाही होती है। ऐसे में सड़क के किसी हिस्से का अचानक धंस जाना गंभीर मामला है।

लोगों ने मांग की है कि अथॉरिटी केवल गड्ढे की मरम्मत तक सीमित न रहे, बल्कि पूरे एलिवेटेड रोड की तकनीकी जांच कराई जाए। नोएडा अथॉरिटी के अधिकारियों के अनुसार घटना की जांच कराई जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर सड़क धंसने के कारणों का पता लगाया जाएगा। साथ ही यह भी देखा जाएगा कि एलिवेटेड रोड के निर्माण में किसी तरह की तकनीकी खामी, संरचनात्मक समस्या, जल निकासी या अन्य कारण तो जिम्मेदार नहीं है।



Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it