फतेहपुर में पांच रुपये के लिए मां बनी जल्लाद! गर्म चाकू से मासूम के तलवे जलाए
राधानगर थाना क्षेत्र के फुलवामऊ गांव में पांच रुपये के लिए मां की कथित क्रूरता का ऐसा मामला सामने आया है, जिसने इंसानियत को झकझोर कर रख दिया

फतेहपुर। राधानगर थाना क्षेत्र के फुलवामऊ गांव में पांच रुपये के लिए मां की कथित क्रूरता का ऐसा मामला सामने आया है, जिसने इंसानियत को झकझोर कर रख दिया। आरोप है कि गुटखा खरीदने के बाद बचे पांच रुपये खर्च करने से नाराज मां ने छह वर्षीय बेटे को पहले बेरहमी से पीटा और फिर गैस पर चाकू गर्म कर उसके दोनों पैरों के तलवे जला दिए। इसके बाद मासूम को कमरे में बंद कर बाहर से ताला लगाकर महिला जन्मदिन की पार्टी में चली गई।
बताया गया कि फुलवामऊ निवासी विनय इंदौर में प्राइवेट नौकरी करता है। गांव में उसकी पत्नी गुड़िया देवी छह वर्षीय बेटे शुभ के साथ रहती है। विनय के मुताबिक, उसकी पत्नी ने बच्चे को 20 रुपये देकर एसएनके गुटखा लाने भेजा था।
बच्चे ने 15 रुपये का गुटखा खरीदा और बचे पांच रुपये से अपनी पसंद का सामान ले लिया।आरोप है कि घर लौटने पर मां ने तीन गुटखा देखकर अपना आपा खो दिया। उसने बच्चे की पिटाई शुरू कर दी। इसके बाद गैस जलाकर चाकू गर्म किया और मासूम के दोनों तलवों को कथित रूप से दाग दिया।
दर्द से कराहते बच्चे को कमरे में बंद कर महिला बाहर से ताला लगाकर पड़ोसी राजकुमार सिंह चौहान के घर आयोजित जन्मदिन समारोह में चली गई।इधर, राजकुमार का पुत्र शुभ को तलाशते हुए उसके घर पहुंचा।
कमरे के भीतर से बच्चे के रोने की आवाज सुनकर उसने परिजनों को जानकारी दी। मौके पर पहुंचे लोगों ने ताला खुलवाया तो मासूम के दोनों तलवे बुरी तरह झुलसे मिले। बच्चे की हालत देखकर ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया।सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर घायल मासूम को मेडिकल परीक्षण एवं उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा है।
घटना की जांच की जा रही है। महज पांच रुपये के विवाद में छह साल के बच्चे के साथ हुई कथित बर्बरता ने गांव ही नहीं, पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है।


