Meerut Murder: दंपति में विवाद बना जानलेवा, पति ने इंटरनेट मीडिया इंफ्लुएंसर की चाकू से गोदकर हत्या के बाद किया आत्महत्या का प्रयास
मृतका निशा चौहान (38) ब्यूटी पार्लर संचालित करती थीं और सोशल मीडिया पर भी सक्रिय थीं। उनके इंस्टाग्राम अकाउंट पर करीब 24 हजार फॉलोअर्स बताए जा रहे हैं। उनके पति प्रदीप चौहान एसी मैकेनिक का काम करते हैं।

मेरठ : Meerut Murder: उत्तर प्रदेश के मेरठ में शुक्रवार सुबह घरेलू विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। प्लॉट के बैनामे को लेकर हुए विवाद में एक व्यक्ति पर अपनी पत्नी की चाकू मारकर हत्या करने का आरोप है। घटना के दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे 17 वर्षीय बेटे को भी चोट लगी। वारदात के बाद आरोपी ने खुद को भी चाकू मारकर घायल कर लिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और घटना के पीछे संपत्ति विवाद के साथ-साथ पारिवारिक तनाव के पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।
ब्यूटी पार्लर चलाने के साथ सोशल मीडिया पर भी थीं सक्रिय
मृतका निशा चौहान (38) ब्यूटी पार्लर संचालित करती थीं और सोशल मीडिया पर भी सक्रिय थीं। उनके इंस्टाग्राम अकाउंट पर करीब 24 हजार फॉलोअर्स बताए जा रहे हैं। उनके पति प्रदीप चौहान एसी मैकेनिक का काम करते हैं। पुलिस के अनुसार, दोनों के बीच लंबे समय से एक प्लॉट के स्वामित्व को लेकर मतभेद चल रहा था, जो शुक्रवार सुबह गंभीर विवाद में बदल गया।
बैनामे को लेकर बढ़ा विवाद
थाना प्रभारी गौरव कुमार के अनुसार, दंपती ने लगभग 12 लाख रुपये मूल्य का एक प्लॉट खरीदा था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि प्लॉट की अग्रिम राशि प्रदीप ने दी थी, जबकि शेष भुगतान निशा द्वारा किया जाना था। इसी कारण निशा चाहती थीं कि प्लॉट का बैनामा उनके नाम हो, जबकि प्रदीप उसे अपने नाम दर्ज कराना चाहते थे। शुक्रवार को बैनामा होना था और उसी को लेकर सुबह दोनों के बीच तीखी बहस हुई।
बेटे ने रोकने की कोशिश की
पुलिस के मुताबिक, विवाद के दौरान प्रदीप ने कथित तौर पर चाकू से निशा पर हमला कर दिया। शोर सुनकर उनका 17 वर्षीय बेटा देव बीच-बचाव के लिए आया, लेकिन वह भी हमले में घायल हो गया। उसके हाथ में चोट आई और उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। चिकित्सकों के अनुसार उसकी स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। घटना के बाद प्रदीप ने खुद को कमरे में बंद कर लिया और स्वयं को भी चाकू मारकर घायल कर लिया। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप
मृतका के भाई ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि परिवार में पहले से तनाव बना हुआ था। उन्होंने प्रदीप पर हत्या का आरोप लगाया है और यह भी दावा किया कि प्रदीप के भाई ने पारिवारिक विवाद को बढ़ावा देने में भूमिका निभाई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस हर पहलू से कर रही जांच
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला संपत्ति विवाद से जुड़ा दिखाई देता है, लेकिन जांच केवल इसी बिंदु तक सीमित नहीं रहेगी। दंपती के बीच संबंधों, पारिवारिक परिस्थितियों और अन्य संभावित कारणों की भी जांच की जा रही है।
मौके से मिले साक्ष्य, फोरेंसिक टीम की रिपोर्ट और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जाएगी। वहीं, इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि घरेलू और संपत्ति संबंधी विवाद यदि समय रहते सुलझाए न जाएं, तो वे गंभीर आपराधिक घटनाओं का रूप ले सकते हैं।


