Top
Begin typing your search above and press return to search.

लोनी की ट्रॉनिका सिटी औद्योगिक क्षेत्र की फैक्ट्री में भीषण आग, छह दमकल गाड़ियों ने तीन घंटे में पाया काबू

गाजियाबाद के लोनी के ट्रॉनिका सिटी औद्योगिक क्षेत्र में बुधवार सुबह एक फैक्ट्री में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। सेक्टर बी-3 स्थित प्लॉट नंबर डी-4 पर संचालित कुमार पैकर्स फैक्ट्री में लगी आग ने देखते ही देखते पूरी पहली मंजिल को अपनी चपेट में ले लिया। सूचना मिलते ही लोनी फायर स्टेशन की तीन दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया।

लोनी की ट्रॉनिका सिटी औद्योगिक क्षेत्र की फैक्ट्री में भीषण आग, छह दमकल गाड़ियों ने तीन घंटे में पाया काबू
X

गाजियाबाद। गाजियाबाद के लोनी के ट्रॉनिका सिटी औद्योगिक क्षेत्र में बुधवार सुबह एक फैक्ट्री में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। सेक्टर बी-3 स्थित प्लॉट नंबर डी-4 पर संचालित कुमार पैकर्स फैक्ट्री में लगी आग ने देखते ही देखते पूरी पहली मंजिल को अपनी चपेट में ले लिया। सूचना मिलते ही लोनी फायर स्टेशन की तीन दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया।

आग की भयावहता को देखते हुए वैशाली, साहिबाबाद और बागपत के खेकड़ा फायर स्टेशन से भी दमकल गाड़ियां बुलाई गईं। करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद छह दमकल गाड़ियों की मदद से सुबह 7:30 बजे आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका। राहत की बात यह रही कि इस अग्निकांड में कोई व्यक्ति घायल नहीं हुआ। फायर विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार 4 नवंबर 2026 को सुबह करीब 4:24 बजे लोनी फायर स्टेशन (ट्रॉनिका सिटी) को कुमार पैकर्स फैक्ट्री में आग लगने की सूचना प्राप्त हुई थी।

सूचना मिलते ही लोनी फायर स्टेशन से उपलब्ध तीनों फायर टेंडर फायर सर्विस यूनिट के साथ तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हो गए। घटनास्थल फायर स्टेशन से करीब तीन किलोमीटर की दूरी पर था। मौके पर पहुंचने पर दमकल कर्मियों ने देखा कि फैक्ट्री के साढ़े तीन मंजिला भवन की पहली मंजिल पर आग पूरे क्षेत्र में फैल चुकी थी। फैक्ट्री के कुछ कर्मचारी वहां पहले से स्थापित अग्निशमन उपकरणों की मदद से आग बुझाने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन आग की तीव्रता अधिक होने के कारण उस पर काबू पाना मुश्किल हो रहा था। इसके बाद फायर सर्विस यूनिट ने मोर्चा संभालते हुए आग बुझाने का अभियान शुरू किया।

दमकल कर्मियों ने आग पर दोनों ओर से पानी डालने के लिए विशेष रणनीति अपनाई। एक ओर हौज पाइप की लाइन सीढ़ियों के रास्ते पहली मंजिल तक पहुंचाई गई, जबकि दूसरी लाइन बगल की फैक्ट्री की छत के रास्ते फैलाकर आग पर पानी की बौछार की गई। इस दौरान आग को भवन की अन्य मंजिलों तक फैलने से रोकने पर विशेष ध्यान दिया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए मुख्य अग्निशमन अधिकारी, कमिश्नरेट गाजियाबाद, को भी तत्काल जानकारी दी गई। उनके निर्देश पर वैशाली, साहिबाबाद और बागपत के खेकड़ा फायर स्टेशन से एक-एक अतिरिक्त दमकल गाड़ी घटनास्थल के लिए रवाना की गई। इस तरह कुल छह फायर टेंडर आग बुझाने के अभियान में लगाए गए।

फायर कर्मियों की लगातार मेहनत के चलते सुबह करीब 7:30 बजे आग को पूरी तरह बुझा दिया गया। इसके बाद फैक्ट्री में रखे सामान को हटाकर उसकी उलट-पलट की गई, ताकि सामान के नीचे कहीं आग सुलगती न रह जाए। इसके साथ ही धुएं को भी पूरी तरह शांत किया गया। दमकल विभाग ने यह सुनिश्चित किया कि आग दोबारा न भड़के और भवन के अन्य हिस्सों में कोई खतरा न रहे।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कुमार पैकर्स फैक्ट्री के भूतल पर गत्ते बनाने का काम किया जाता था, जबकि पहली मंजिल पर कार परफ्यूम आदि उत्पादों का निर्माण होता था। फैक्ट्री की पहली मंजिल पर आग फैलने से वहां रखे सामान और निर्माण कार्य से जुड़े क्षेत्र प्रभावित हुए। हालांकि, आग लगने का संभावित कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है।

दमकल विभाग के अनुसार, अग्निकांड में किसी भी व्यक्ति के घायल होने की सूचना नहीं है। पूरे अग्निशमन एवं बचाव अभियान के दौरान स्थानीय पुलिस की टीम भी मौके पर मौजूद रही और दमकल विभाग के साथ समन्वय बनाकर व्यवस्था संभालती रही। फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है।



Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it