महिला से लूटा लॉकेट और बंद मकान में चोरी का खुलासा, पुलिस मुठभेड़ में तीन बदमाश गिरफ्तार

ग्रेटर नोएडा। दादरी थाना पुलिस और ग्रेटर नोएडा एसओजी टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए स्नैचिंग और चोरी की वारदातों का खुलासा किया है। गुरुवार को घोड़ी बछेड़ा-हजरतपुर नहर बंबा मार्ग पर हुई पुलिस मुठभेड़ के बाद तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया गया। इनमें एक बदमाश के पैर में गोली लगी है।
पुलिस के अनुसार, चेकिंग के दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवकों को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन वे भागने लगे। पुलिस ने पीछा किया तो कुछ दूर जाकर उनकी बाइक फिसल गई। आरोप है कि इसके बाद बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में आलम (21) निवासी रामनगर, गुलावठी (बुलंदशहर) के पैर में गोली लगी। इसके बाद उसके साथी सद्दाम (20) और जिसान (20) को भी घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने 23 जुलाई को दादरी क्षेत्र में एक महिला से पीली धातु का लॉकेट छीनने की घटना कबूल की। इसके अलावा उन्होंने करीब 15 दिन पहले म्यू-1 क्षेत्र के एक बंद मकान में चोरी करने की बात भी स्वीकार की।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से महिला से छीना गया लॉकेट, एक अवैध तमंचा, दो चाकू, चोरी के आभूषण, चोरी का सामान बेचकर मिले 40 हजार रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल की गई आर-15 मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस का कहना है कि तीनों आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाला जा रहा है। उनसे पूछताछ के आधार पर अन्य वारदातों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है। घायल आरोपी का इलाज कराया गया है, जबकि तीनों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई कर उन्हें न्यायालय में पेश किया जाएगा।


