बरेली में डीएम ने मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण, एमएलसी चुनाव तैयारियों की भी समीक्षा
आगामी विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2026 के तहत नए एवं छूटे हुए पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल करने के लिए शनिवार को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष अभियान चलाया गया।

बरेली। आगामी विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2026 के तहत नए एवं छूटे हुए पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल करने के लिए शनिवार को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष अभियान चलाया गया।
इस दौरान जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने विभिन्न मतदान स्थलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को निर्वाचन आयोग के निर्देशों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने बरेली कैंट विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत बरेली इंटर कॉलेज और मौलाना आजाद इंटर कॉलेज, बिथरी चैनपुर विधानसभा क्षेत्र के विद्या भारती विद्यालय, नकटिया तथा फरीदपुर विधानसभा क्षेत्र के उच्च प्राथमिक विद्यालय रजऊ स्थित मतदान केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने मतदान केंद्रों पर उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं, स्वच्छता व्यवस्था और मतदाताओं के लिए सुगम पहुंच की स्थिति का अवलोकन किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को निर्देशित किया कि निर्वाचन आयोग के दिशानिर्देशों के अनुसार कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक लोगों को जागरूक कर मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए प्रेरित किया जाए और आवेदन प्रक्रिया में उन्हें आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाए।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को पारदर्शिता और सक्रियता के साथ कार्य करने के निर्देश देते हुए कहा कि निर्वाचन संबंधी सभी प्रक्रियाएं सुचारु, व्यवस्थित और निष्पक्ष ढंग से संपन्न होनी चाहिए। उन्होंने बताया कि जिले के सभी मतदान केंद्रों पर 24 अक्टूबर को भी विशेष अभियान चलाया जाएगा।
इसी बीच, एमएलसी चुनाव के मद्देनजर जिलाधिकारी अविनाश सिंह की अध्यक्षता में शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सुपर जोनल, जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेटों का प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि सभी मतदान केंद्रों पर सुबह 8 बजे से मतदान की प्रक्रिया शुरू कराई जाए और निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार मतदान संपन्न कराया जाए। साथ ही शाम 4 बजे तक मतदान प्रतिशत का आकलन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों से निर्वाचन संबंधी प्रशिक्षण को गंभीरता से लेने और चुनाव प्रक्रिया से जुड़े नियमों का पूरी तरह पालन करने को कहा।
अविनाश सिंह ने मतदान की गोपनीयता बनाए रखने पर विशेष जोर देते हुए निर्देश दिया कि मतदान कक्ष में प्रवेश से पहले मतदाताओं के मोबाइल फोन और अन्य ऐसे इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को अंदर ले जाने से रोका जाए, जिनसे मतदान की गोपनीयता प्रभावित हो सकती है। उन्होंने अधिकारियों को अपने-अपने आवंटित मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाओं की जांच करने और कमियों को समय रहते दूर कराने के निर्देश भी दिए।
जिलाधिकारी ने मतपेटियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए कहा कि सभी अधिकारी अपने दायित्वों का जिम्मेदारीपूर्वक निर्वहन करें और मतदान प्रक्रिया को सुचारु एवं शांतिपूर्ण बनाए रखें।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी प्रशासन पूर्णिमा सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व संतोष कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी नगर अविनाश पांडे, नगर मजिस्ट्रेट राकेश कुमार वर्मा समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।


