Top
Begin typing your search above and press return to search.

ग्रेटर नोएडा में गुटखा को लेकर विवाद, लाइसेंसी पिस्टल से दुकानदार को मारी गोली, आरोपी गिरफ्तार

गौतमबुद्धनगर के सूरजपुर थाना क्षेत्र में गुटखा मांगने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। पड़ोसी युवक ने आवेश में आकर अपनी लाइसेंसी पिस्टल से दुकानदार पर गोली चला दी। गोली दुकानदार के पेट के निचले हिस्से में लगी और आर-पार निकल गई। घायल को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसकी हालत खतरे से बाहर बताई है।

ग्रेटर नोएडा में गुटखा को लेकर विवाद, लाइसेंसी पिस्टल से दुकानदार को मारी गोली, आरोपी गिरफ्तार
X

ग्रेटर नोएडा। गौतमबुद्धनगर के सूरजपुर थाना क्षेत्र में गुटखा मांगने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। पड़ोसी युवक ने आवेश में आकर अपनी लाइसेंसी पिस्टल से दुकानदार पर गोली चला दी। गोली दुकानदार के पेट के निचले हिस्से में लगी और आर-पार निकल गई। घायल को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसकी हालत खतरे से बाहर बताई है।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर घटना में इस्तेमाल लाइसेंसी पिस्टल भी बरामद कर ली है। पुलिस के अनुसार, यह घटना 3 अगस्त को थाना सूरजपुर क्षेत्र के खेड़ी भनौता गांव में हुई। घायल की पहचान उदय प्रताप (42 वर्ष) पुत्र हरिश्चंद्र के रूप में हुई है, जो गांव में अपनी दुकान चलाते हैं।

बताया गया कि घटना के समय पड़ोस में रहने वाला सुरेंद्र फौजी पुत्र राम सिंह उनकी दुकान पर पहुंचा और गुटखा मांगने लगा। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों के बीच गाली-गलौज होने लगी। आरोप है कि विवाद के दौरान सुरेंद्र फौजी ने आवेश में आकर अपनी लाइसेंसी पिस्टल निकाल ली और उदय प्रताप पर फायर कर दिया। गोली उदय प्रताप के पेट के निचले हिस्से में लगी और शरीर से बाहर निकल गई।

गोली लगते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई तथा स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही सूरजपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा। अस्पताल में चिकित्सकों द्वारा घायल का सीटी स्कैन और अल्ट्रासाउंड कराया गया। जांच रिपोर्ट में पेट के अंदर कोई गोली नहीं मिली और चिकित्सकों ने बताया कि उदय प्रताप के आंतरिक अंग सुरक्षित हैं। फिलहाल उनकी स्थिति सामान्य है और वे खतरे से बाहर हैं।

घटना के बाद घायल के परिजनों की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी सुरेंद्र फौजी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही घटना में इस्तेमाल की गई लाइसेंसी पिस्टल भी बरामद कर ली गई है।

पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की आवश्यक वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।



Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it