Top
Begin typing your search above and press return to search.

कलाधाम की घटना पर ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की बड़ी कार्रवाई

वरिष्ठ प्रबंधक, प्रबंधक और सहायक प्रबंधक को सभी दायित्वों से मुक्त कर ग्रेनो वेस्ट ऑफिस से किया संबद्ध

प्रबंधक व सहायक प्रबंधक के निलंबन व विभागीय कार्रवाई की संस्तुति शासन को भेजी

  • वरिष्ठ प्रबंधक के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के लिए शासन को भेजा पत्र
  • ओएसडी अभिषेक पाठक व महाप्रबंधक एके सिंह की संयुक्त जांच रिपोर्ट पर सीईओ ने की कार्रवाई

ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क दो स्थित कलाधाम सोसाइटी में 6 साल के बच्चे की मौत से आहत सीईओ एनजी रवि कुमार ने लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर कठोर कार्रवाई की है। प्राधिकरण के जल विभाग में तैनात सहायक प्रबंधक मनोज कुमार और प्रबंधक गरिमा सिंह के निलंबन व विभागीय कार्रवाई संस्तुति शासन को भेज दी है और वरिष्ठ प्रबंधक विनोद कुमार शर्मा के खिलाफ भी विभागीय कार्रवाई के लिए शासन को संस्तुति भेज दी है। इन तीनों अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से सभी दायित्वों से मुक्त करते हुए ग्रेटर नोएडा वेस्ट ऑफिस से संबद्ध कर दिया गया है। सीईओ ने ओएसडी अभिषेक पाठक व महाप्रबंधक एके सिंह की संयुक्त जांच रिपोर्ट पर यह कार्रवाई की है।

प्राधिकरण के एसीईओ सुनील कुमार सिंह ने बताया कि घटना के तुरंत बाद सीईओ के निर्देश पर ओएसडी अभिषेक पाठक व महाप्रबंधक परियोजना एके सिंह को जांच की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। संयुक्त जांच रिपोर्ट में ठेकेदार, सुपरवाइजर व तकनीकी सुपरवाइजर की लापरवाही के साथ ही सहायक प्रबंधक मनोज कुमार, प्रबंधक गरिमा सिंह और वरिष्ठ प्रबंधक विनोद कुमार शर्मा की तरफ से कार्य में लापरवाही भी उजागर हुई है।

प्राधिकरण की तरफ से ठेकेदार, सुपरवाइजर व तकनीकी सुपरवाइजर के खिलाफ एफआईआर पहले ही दर्ज करा दी गई है। अब जांच रिपोर्ट के आधार पर सहायक प्रबंधक मनोज कुमार, प्रबंधक गरिमा सिंह और वरिष्ठ प्रबंधक विनोद कुमार शर्मा को सभी कार्यों से मुक्त करते हुए ग्रेटर नोएडा वेस्ट ऑफिस से संबद्ध कर दिया गया है।

सहायक प्रबंधक मनोज कुमार लोक निर्माण विभाग से प्रतिनियुक्ति पर यहां तैनात हैं। इसलिए उनके निलंबन व विभागीय कार्रवाई की संस्तुति शासन (पीडब्ल्यूडी) को भेज दी गई है। प्रबंधक गरिमा सिंह के निलंबन व विभागीय कार्रवाई की संस्तुति भी शासन को भेज दी गई है।

साथ ही वरिष्ठ प्रबंधक विनोद कुमार शर्मा के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के लिए शासन को लिख दिया गया है।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it