Top
Begin typing your search above and press return to search.

काली फिल्म से लेकर दस्तावेज तक खंगाले, सार्वजनिक वाहनों पर पुलिस का शिकंजा

सार्वजनिक वाहनों में नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ पुलिस ने मंगलवार को ग्रेटर नोएडा जोन में बड़ा जांच अभियान चलाया

ग्रेटर नोएडा। सार्वजनिक वाहनों में नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ पुलिस ने मंगलवार को ग्रेटर नोएडा जोन में बड़ा जांच अभियान चलाया। पुलिस टीमों ने सभी थाना क्षेत्रों में बस, टैक्सी और अन्य सार्वजनिक वाहनों को रोककर उनकी सघन जांच की। अचानक हुई जांच से वाहन चालकों में हड़कंप मच गया।

पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में चलाए गए अभियान के दौरान वाहनों के जरूरी दस्तावेजों की जांच की गई। इसके अलावा वाहनों पर लगी काली फिल्म, बिना अनुमति किए गए बदलाव, लाइट की व्यवस्था और यातायात नियमों के पालन को भी देखा गया। पुलिस ने संदिग्ध वाहनों और उनमें सवार लोगों की भी जांच की।

जांच के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सार्वजनिक वाहनों में सफर करने वाले लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह अभियान चलाया गया है। साथ ही सड़कों पर यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों पर लगाम लगाने के लिए कार्रवाई की जा रही है।

डीसीपी ग्रेटर नोएडा रवि शंकर निम ने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित रूप से सार्वजनिक वाहनों की जांच करने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।

पुलिस के अनुसार, आम लोगों की सुरक्षा और सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए जांच अभियान लगातार चलाया जाएगा।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it