त्योहारी सीजन में बड़ी कार्रवाई: नोएडा के सिटी मॉल में खाद्य सुरक्षा विभाग का छापा, 240 लीटर मिलावटी घी और 18 किलो मिर्च पाउडर सीज
शारदीय नवरात्रि के मद्देनजर नोएडा खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने दादरी की नई बस्ती स्थित ऑनलाइन प्लेटफॉर्म कंपनी कम्युनिटी प्राइवेट लिमिटेड के यहां छापा मारा। जांच के दौरान करीब 240 लीटर घी और 18 किलोग्राम मिर्च पाउडर को सीज किया गया। इसके अलावा, घी समेत छह खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच के लिए भेजने की तैयारी की गई है।

नोएडा)। शारदीय नवरात्रि के मद्देनजर नोएडा खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने दादरी की नई बस्ती स्थित ऑनलाइन प्लेटफॉर्म कंपनी कम्युनिटी प्राइवेट लिमिटेड के यहां छापा मारा। जांच के दौरान करीब 240 लीटर घी और 18 किलोग्राम मिर्च पाउडर को सीज किया गया। इसके अलावा, घी समेत छह खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच के लिए भेजने की तैयारी की गई है।
यह कार्रवाई जिलाधिकारी के निर्देश पर मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी वीरेंद्र द्विवेदी के नेतृत्व में की गई। विभाग की टीम ने मौके पर उपलब्ध खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, पैकेजिंग और लेबलिंग से संबंधित जानकारियों की जांच की।
खाद्य सुरक्षा विभाग की जांच के दौरान घी के पैकेटों पर विटामिन और मिनरल्स मौजूद होने संबंधी भ्रामक जानकारी अंकित मिली। इसे गंभीरता से लेते हुए टीम ने करीब 240 लीटर घी सीज कर लिया। कार्रवाई के दौरान अवतार ब्रांड के घी और गाय के घी सहित अन्य खाद्य पदार्थों की भी जांच की गई।
इसके अलावा, पैकिंग तिथि और बैच नंबर दर्ज नहीं होने के कारण करीब 18 किलोग्राम मिर्च पाउडर भी सीज किया गया। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और मानकों के अनुपालन को सुनिश्चित करने के लिए विभाग की ओर से नमूने एकत्र किए गए।
कार्रवाई के दौरान घी, मिर्च पाउडर, मखाना, सरसों का तेल और कुट्टू के आटे सहित खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए। कुल छह नमूने जांच के लिए भेजे जाएंगे। प्रयोगशाला से रिपोर्ट मिलने के बाद खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और निर्धारित मानकों के अनुरूप होने की स्थिति स्पष्ट होगी। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने खाद्य पदार्थों के कारोबार से जुड़े विक्रेताओं को निर्देश दिए हैं कि वे केवल लाइसेंसधारी या पंजीकृत आपूर्तिकर्ताओं से ही सामान खरीदें और खरीदारी से संबंधित बिल सुरक्षित रखें। साथ ही, खाद्य पदार्थों की खरीद और बिक्री के दौरान निर्माण तिथि, पैकिंग तिथि तथा बैच नंबर की जांच करना भी अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करें।
विभाग के अधिकारियों के अनुसार, त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ने के मद्देनजर गुणवत्ता पर नजर रखने के लिए छापेमारी अभियान जारी रहेगा। इस कार्रवाई का उद्देश्य उपभोक्ताओं को सुरक्षित और मानकों के अनुरूप खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना तथा नियमों का उल्लंघन करने वाले कारोबारियों के खिलाफ आवश्यक कदम उठाना है।


