नोएडा में एमिटी के सामने 5 दुकानों में लगी आग, सिलेंडर फटने की सूचना से मची अफरा-तफरी
एमिटी यूनिवर्सिटी के सामने स्थित चाय-नाश्ते की दुकानों में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग की चपेट में पांच दुकानें आ गईं

दमकल की चार गाड़ियों ने 30 मिनट में पाया काबू, चाय-नाश्ते की सभी दुकानें आग की चपेट में आईं; कोई जनहानि नहीं
नोएडा। एमिटी यूनिवर्सिटी के सामने स्थित चाय-नाश्ते की दुकानों में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग की चपेट में पांच दुकानें आ गईं। इस दौरान सिलेंडर फटने की सूचना भी मिली, जिससे मौके पर मौजूद लोगों में दहशत फैल गई।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। करीब 30 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है। आग से दुकानों में रखा सामान जलने की आशंका है। घटना के दौरान मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। दमकल कर्मियों ने आग को बुझाने के साथ उसे आसपास की दुकानों तक फैलने से रोकने का प्रयास किया।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) प्रदीप कुमार ने बताया कि आग लगने की सूचना मिलने पर दमकल की चार गाड़ियों को मौके पर भेजा गया था। करीब आधे घंटे में आग पर काबू पा लिया गया। घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।


