Top
Begin typing your search above and press return to search.

नींद की झपकी ने एक्सप्रेसवे पर मचाई अफरा-तफरी, ट्रक में जा घुसी तेज रफ्तार बस

ईस्टर्न पेरिफिरल एक्सप्रेसवे पर शनिवार रात चालक की एक झपकी करीब 20 यात्रियों की जान पर भारी पड़ गई

नींद की झपकी ने एक्सप्रेसवे पर मचाई अफरा-तफरी, ट्रक में जा घुसी तेज रफ्तार बस
X

गलगोटिया विश्वविद्यालय के पास हादसे में कई यात्री घायल, बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त

ग्रेटर नोएडा। ईस्टर्न पेरिफिरल एक्सप्रेसवे पर शनिवार रात चालक की एक झपकी करीब 20 यात्रियों की जान पर भारी पड़ गई। गलगोटिया विश्वविद्यालय के पास तेज रफ्तार बस अचानक अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रक में जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई। कई यात्रियों को चोटें आईं, हालांकि किसी को गंभीर चोट नहीं लगी।

पुलिस के मुताबिक, शनिवार रात बस यात्रियों को लेकर ईस्टर्न पेरिफिरल एक्सप्रेसवे से गुजर रही थी। गलगोटिया विश्वविद्यालय के पास पहुंचते ही चालक को अचानक नींद की झपकी आ गई। बस की रफ्तार अधिक होने के कारण चालक कुछ ही क्षण में वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। इससे बस आगे चल रहे ट्रक से जा टकराई।

टक्कर के बाद बस में बैठे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और एक्सप्रेसवे कर्मी मौके पर पहुंचे। पुलिसकर्मियों ने बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। चोटिल यात्रियों को प्राथमिक उपचार दिलाया गया। राहत की बात रही कि हादसा बड़ा होने के बावजूद किसी यात्री को गंभीर चोट नहीं आई।

हादसे के बाद क्षतिग्रस्त बस एक्सप्रेसवे के मुख्य मार्ग पर खड़ी हो गई। इससे पीछे से आने वाले वाहनों के लिए खतरा और यातायात प्रभावित होने की स्थिति बन गई। पुलिस और एक्सप्रेसवे कर्मियों ने तुरंत बस को हटवाकर किनारे कराया और यातायात सामान्य कराया।

पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में चालक को नींद की झपकी आने को हादसे की वजह माना जा रहा है। चालक से भी घटना के संबंध में पूछताछ की जा रही है।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it