Top
Begin typing your search above and press return to search.

डिप्टी सीएम का सख्त एक्शन, बिसरख के चिकित्सा अधीक्षक निलंबित

गौतमबुद्धनगर के बिसरख में बिना रजिस्टर्ड क्लीनिक संचालक से फोन कर घूस मांगने के आरोप में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों पर बड़ी कार्रवाई की गई है

डिप्टी सीएम का सख्त एक्शन, बिसरख के चिकित्सा अधीक्षक निलंबित
X

नोएडा। गौतमबुद्धनगर के बिसरख में बिना रजिस्टर्ड क्लीनिक संचालक से फोन कर घूस मांगने के आरोप में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों पर बड़ी कार्रवाई की गई है। डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग की प्रमुख सचिव वी हेकाली झिमोमी ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिसरख के चिकित्सा अधीक्षक व नोडल अधिकारी डॉ. सचिन्द्र मिश्रा को निलंबित किया गया है।

इसके अलावा एक आउटसोर्स कर्मचारी की सेवा समाप्त करने और राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के दो कर्मचारियों पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। ग्राम बिसरख में डॉ. पवन चौधरी की क्लीनिक है। जिसका रजिस्ट्रेशन नहीं है। डॉ. पवन ने आरोप लगाया कि सीएचसी अधीक्षक डॉ.सचिन्द्र मिश्रा ने फोन पर पैसे मांगे। घटना पर डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने खासी नाराजगी जाहिर की।

डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने बताया कि डॉ. सचिन्द्र मिश्रा के खिलाफ अनुशासनिक कार्रवाई की गई है। उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। उन्हें मेरठ मंडल के अपर निदेशक कार्यालय से संबद्ध कर दिया है।

इसी मामले में आउटसोर्स कर्मचारी रविन्द्र कुमार शुक्ला, एमसीटीएस ऑपरेटर पर भी रुपये लेने का आरोप हैं।

उनकी सेवा समाप्त करने के संबंध में महानिदेशक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं को आगे की कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। वहीं ब्लॉक प्रोग्राम मैनेजर सत्यार्थ राय और एनएचएम के प्रयोगशाला प्राविधिज्ञ अरविन्द चौधरी पर भी गाज गिरेगी। शासन ने दोनों की सेवा समाप्त करने के संबंध में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की निदेशक को निर्देशित किया है। डिप्टी सीएम ने कहा कि विभाग की छवि को धूमिल करने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

प्रमुख सचिव ने जारी पत्र में कहा है कि बिसरख सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर तैनात रहे प्रभारी डा. सचिंद्र कुमार मिश्रा ने बिसरख स्थित पंजीकृत क्लीनिक के संचालक पवन चौधरी को फोन कर पैसे की मांग की

उन्हें आरोप में तहत उत्तर प्रदेश सरकारी सेवक नियमावली का पालन न करने पर तत्काल प्रभाव से निलंबित कर अपर निदेशक मेरठ मंडल के कार्यालय से अटैच किया गया है। निलंबन की यह कार्रवाई 22 अक्टूबर 2026 को की गई, जिसका डिजिटल लेटर स्वास्थ्य विभाग गौतमबुद्ध नगर को मंगलवार को प्राप्त हुआ।

टीम गठित कर होगी जांच

इस मामले में अपर निदेशक मेरठ मंडल डा. मनोज सेन का कहना है कि गौतम बुध नगर स्वास्थ्य विभाग में तैनात लेवल 3 के चिकित्सा अधिकारी डा. सचिंद्र कुमार मिश्रा को शासन से निलंबित करने के कार्रवाई हुई है। मामले की जांच के लिए कार्यालय में पत्र प्राप्त हुआ है, जल्द ही शासन के अधिकारियों के निर्देश पर टीम का गठन किया जाएगा। सीएमओ डा. मदन मोहन मणि त्रिपाठी का कहना है कि शासन से पत्र मिलने पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। अभी कार्यालय में पत्र प्राप्त नहीं हुआ है।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it